दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर आ रहे युवक पर हमला कर चेन और मोटरसाइकिल लूटने केमामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार सेक्टर-46 निवासी छोटी ने छह-सात लड़कों पर उससे मारपीट कर बाइक और चांदी की चेन लूटने की शिकायत दर्ज करवाई थी।
पुलिस ने मामले में रामदरबार निवासी रॉकी और शुभम को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित से लूट एक फरवरी रात करीब 9 बजे हुई थी। छोटी ने बताया था कि रात को वह पल्सर मोटरसाइकिल पर अपने दोस्त के साथ रामदरबार से घर लौट रहा था, तभी छह-सात लड़कों ने उस पर चाकू और डंडों से हमला कर दिया था।
हमले के बाद वे मोटरसाइकिल और चांदी की चेन छीनकर फरार हो गए थे। उनके जाने के बाद पीड़ित ने 100 नंबर पर फोन कर वारदात की सूचना दी थी। आरोपी ने बताया था कि उन लड़कों में से कुछ को वह पहचानता था। हमलावरों में रॉकी और शुभम शामिल थे। सोमवार को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जिला अदालत में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।