परिजनों ने पुलिस को बताया कि गगनदीप 13 नवंबर की शाम को दिल्ली से जालंधर के लिए निकला था। वहां उसने विदेश जाने के लिए वीजा लगाना था। परिजनों ने बताया था कि गगनदीप का मोबाइल व कपड़ों का बैग नहीं मिल सका है। बाद में गगनदीप के पिता जगतार सिंह ने 18 नवंबर को शिकायत देकर उसकी हत्या की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था।
मामले में जांच करते राजीव गांधी एजुकेशन सिटी चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह की टीम ने गगनदीप की पत्नी दीपिका सिक्का व उनके पड़ोस में रहने वाले उसके प्रेमी सिमरनजीत उर्फ भोगल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया, जहां सिमरनजीत को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। महिला को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एक साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग, पति ने पकड़े जाने पर जताया था विरोध
महिला व उसके प्रेमी की गिरफ्तारी के बाद खुलासा हुआ है कि उनका प्रेम प्रसंग एक साल से चल रहा था। गगनदीप ने कुछ समय पहले ही सिमरनजीत के साथ अपनी पत्नी दीपिका को पकड़ लिया था। जिसके बाद से गगनदीप उन्हें मिलने नहीं दे रहा था। प्रेमी से मिलने नहीं देने के चलते दीपिका सिक्का व सिमरनजीत ने गगनदीप को रास्ते से हटाने का षड्यंत्र रच दिया था। महिला ने दो बार प्रेमी संग मिलकर अपने पति की हत्या करने की कोशिश की, लेकिन वह वारदात को अंजाम नहीं दे सके।
आरोपी सिमरनजीत ने पुलिस के सामने कबूल किया है कि जब वह तथा दीपिका सिक्का मिलकर गगनदीप की हत्या नहीं कर सके तो उन्होंने कोई अन्य षड्यंत्र रचा था। जिस पर उन्होंने उसकी सुपारी देकर हत्या कराने का षड्यंत्र रच डाला। इसके लिए उसने दो सुपारी किलर का पता लगाया। उन्हें गगनदीप की हत्या करने के लिए 50 हजार रुपये की सुपारी दी गई।
उन्हें कहा गया था कि वह हत्या कर शव को ऐसी जगह फेंक दें जिससे उसकी पहचान न हो सके। जिस पर आरोपियों ने गगनदीप को जहर खिलाकर हत्या कर दी। जिससे पुलिस को शुरुआत में लगे कि उसने आत्महत्या की है। आरोपियों ने किस तरह से वारदात को अंजाम दिया इसके बारे में उसने जानकारी होने से मना कर दिया। पुलिस ने अब दोनों सुपारी किलर की तलाश के लिए दबिश शुरू कर दी है। जिससे वारदात करने के बारे में भी पता लगाया जा सके।
पुलिस टीम हत्यारोपियों की तलाश के साथ ही वारदात के बाद से गायब गगनदीप का सामान भी बरामद करेगी। इसके लिए पुलिस टीम लगातार आरोपियों को ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि दोनों हत्यारोपी जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
13 साल पहले हुई थी शादी, 12 साल की बेटी व डेढ़ साल का बेटा
पुलिस के मुताबिक गगनदीप की शादी 13 साल पहले दीपिका सिक्का के साथ हुई थी। शादी के एक साल बाद उनके परिवार में बेटी का जन्म हुआ। वहीं करीब डेढ़ साल पहले दीपिका ने एक बेटे को जन्म दिया। पिता की हत्या व मां के हत्या के आरोप में जेल जाने से अब दोनों बच्चों के लालन-पालन का जिम्मा उनके दादा व अन्य परिजन पर आ गया है।
-
युवक का शव केजीपी के पास मिला था। हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच की तो युवक के मोबाइल की आखिरी लोकेशन दिल्ली में मिली थी। जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई। जिस पर शक होने पर युवक की पत्नी व उनके पड़ोसी को हिरासत में लिया गया। जिस पर उन्होंने सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलाने की बात कही है। आरोपी युवक को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। जल्द हत्यारोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। -अशोक, थाना प्रभारी, राई।