रवींद्र ने पत्नी की हत्या का शक परिवार के लोगों पर जताया था। पुलिस ने मृतका के ससुर हनुमान सिंह और देवर देवेंद्र को बुलाकर पूछताछ की। सोमवार को पुलिस पूछताछ में हनुमान सिंह ने कुबूला कि उसने बेटा देवेंद्र और बेटी के साथ मिलकर बहू अंजू को नशीला पदार्थ खिलाकर नहर में फेंक दिया था।
बेटे ने गांव की लड़की से किया था प्रेम विवाह
डीएसपी अजायब सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हत्या के पीछे मुख्य रूप से दो कारण रहे हैं। उसके बेटे ने गांव की ही लड़की से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। इसके अलावा पिछले सात साल से अंजू को बच्चा भी नहीं हुआ था।
पुलिस ने लावारिस समझ कर दिया था दाह संस्कार
भट्टू पुलिस को 24 जून को गांव बोदीवाली के पास मानावाली माइनर से महिला का शव बरामद हुआ था। शव की शनाख्त न होने पर पुलिस ने ही उसका दाह संस्कार कर दिया था।
गांव भूथनकलां से एक महिला के लापता होने की शिकायत दी गई थी। शिकायतकर्ता रवींद्र ने अपने घर के लोगों पर ही पत्नी की हत्या का शक जताया था। पूछताछ में शिकायतकर्ता के पिता और भाई को बुलाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कुबूला कि गांव में ही अंतरजातीय प्रेम विवाह करने की रंजिश रखते हुए नशे की दवाई खिला दी और फिर नहर में फेंक दिया। भट्टू थाना क्षेत्र में शव बरामद हुआ था। दो आरोपियों को कोर्ट से एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। - अजायब सिंह, डीएसपी, फतेहाबाद।