पटियाला-समाना रोड पर भाखड़ा पुल के नजदीक हुए सड़क हादसे में पटियाला के तीन नौजवानों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को समाना के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां से उन्हें पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
हादसा, संतुखन खोने के बाद कार के लोहे की रेलिंग से टकरा कर आगे खतानों में पलटने से हुआ।
सिटी समाना थाना पुलिस के मुताबिक तड़के करीब तीन बजे पटियाला से पांच नौजवान जेन कार में सवार होकर समाना के गांव सधारनपुर किसी काम के सिलसिले में आ रहे थे। पटियाला-समाना रोड पर भाखड़ा पुल के नजदीक कार में किसी तकनीकी नुकस के कारण कार संतुलन से बाहर हो गई और जाकर भाखड़ा पुल के नजदीक लोहे की रेलिंग से भीषण रूप से टकराई और फिर घिसटती हुई आगे जाकर खतानों में बुरी तरह से पलट गई।
इस हादसे में जसविंदर सिंह (20) निवासी रणजीत नगर पटियाला और अमरीक सिंह (22) निवासी माडल टाउन पटियाला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि निहाल सिंह (20) निवासी आनंद नगर बी की समाना अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। इस हादसे में दो नौजवान मनजीत सिंह गोल्डी निवासी आनंद नगर बी पटियाला और गुरपाल सिंह बुरी तरह से घायल हो गए। जिन्हें समाना अस्पताल से पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने फिलहाल समाना अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद इन्हें वारिसों के हवाले कर दिया है।