रेलवे की परीक्षा देने आए भिवानी के युवक को मौली जागरां में तीन युवकों ने लूट लिया।
मनीमाजरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में विनोद, राजेश और लकी शामिल है। तीनों यहां के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता हरियाणा के जिला भिवानी के गांव कादमा निवासी सोमबीर सुबह रेलवे स्टेशन पर उतरा था।
स्टेशन से वह अपने चाचा को मिलने के लिए मौली जागरां के विकास नगर में आया। चाचा को मिलने के बाद वह जीरकपुर में रेलवे की परीक्षा देने जा रहा था तो तीनों ने विकास नगर के सामुदायिक केंद्र के पास पर्स, मोबाइल फोन और कुछ जरूरी दस्तावेज छीन लिया। पर्स में 500 रुपये थे।
मौली जागरां पुलिस चौकी प्रभारी रंजीत सिंह का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।