शहर में घूम रहे लावारिस कुत्तों की वजह से बुधवार को एक स्कूली बच्ची की जान चली गई। दरअसल सड़क पर धमाचौकड़ी मचा रहे कुत्तों को बचाने की कोशिश में स्कूली ऑटो पलट गया जिससे एक बच्ची की मौत हो गई।
गांव अलीपुर-मिट्ठापुर मार्ग पर लावारिस कुत्ते धमाचौकड़ी कर रहे थे। इसी दौरान आटो नंबर पीबी-08-सीपी-9144 सामने से आ रहा था। कुत्तों को बचाने की कोशिश में स्कूली ऑटो पलट गया।
हादसे में नर्सरी कक्षा की एक बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की पहचान इंद्रीश पुत्री सुखपाल गब्बर, निवासी अलीपुर के रूप में हुई है। ऑटो में मिट्ठापुर स्थित गुरु नानक पब्लिक स्कूल के छह बच्चे सवार थे। अन्य बच्चों को भी मामूली चोटें आई हैं।
डिप्टी मेयर ने हाउस में उठाया था लावारिस कुत्तों का मुद्दा
नगर निगम के डिप्टी मेयर अरविंदर कौर ओबराय ने शहर के लावारिस कुत्तों का मुद्दा उठाते हुए उन्हें संभालने की जिम्मेदारी मांगी थी। उन्होंने हाउस में कहा था कि उन्हें नगर निगम की ओर से जगह उपलब्ध करवाई जाए।
कुत्तों की देखभाल का काम वह खुद देख लेंगी। इसके लिए डिप्टी मेयर ने स्ट्रीट डॉग एंड ह्यूमन वेलफेयर सोसायटी का गठन किया है। इस कमेटी की चेयरपर्सन वह खुद हैं।
उनके पति और पूर्व पार्षद कुलदीप सिंह ओबराय प्रधान हैं। ओबराय ने बताया कि इस हाउस की बैठक में उन्हें नगर निगम की ओर से जगह मिल जाएगी।
इसके बाद संस्था अपना काम करेगी। उनके मुताबिक लावारिस कुत्तों को पकड़ने क लिए लोग रखे जा चुके हैं। कुत्तों की देखभाल के लिए डाक्टरों से भी विचार-विमर्श किया जा चुका है।