पुलिस हेडक्वार्टर के बाद एक फोटोग्राफर ने खौफनाक कदम उठा लिया। देखकर पुलिस कर्मियों के हाथ-पैर फूल गए।
फोटोग्राफर ने जहर निगलकर सुसाइड करने की कोशिश की। मामला पैसों के लेन-देन का निकला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई में भर्ती कराया गया। पुलिस ने सेक्टर-पांच थाने में सुनील के खिलाफ आईपीसी की धारा-309 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक 32 वर्षीय हिसार निवासी सुनील पुत्र घनश्याम का हिसार में लोगों से रुपयों को लेकर विवाद था। इस मामले की शिकायत उसने हिसार में पुलिस को दी थी, लेकिन कार्रवाई न होने से वह खुश नहीं था। वह करीब पांच-छह दिनों से पंचकूला में ही था और सोमवार को वह डीजीपी दफ्तर में शिकायत देने पहुंचा।
एसीपी दलीप कुमार ने बताया कि दोपहर करीब दो-ढाई बजे के बीच सुनील सेक्टर-6 स्थित पुलिस हेडक्वार्टर के बाहर पहुंचा। फोटोग्राफर डीजीपी को शिकायत देने से पहले हेडक्वार्टर के बाहर ही जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जनरल अस्पताल ले गई। वहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चंडीगढ़ पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया।
डीसीपी अनिल धवन ने बताया कि पिछले पांच-छह दिन से वह अपने घर से गायब था, जिसकी हिसार पुलिस को शिकायत दी जा चुकी है। पुलिस ने इस मामले की छानबीन के बाद सेक्टर-पांच थाने में आईपीसी की धारा-309 के तहत मामला दर्ज कर, छानबीन शुरू कर दी है।
उधर, इस मामले की शिकायत मिलते ही डीजीपी दफ्तर से हिसार पुलिस के आला अधिकारियों को सूचना देते हुए इस मामले में जल्द से जल्द उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।