पूरा शहर शनिवार रात सील था। इसके बावजूद पुलिस सुरक्षा को धता बताते हुए इंस्पेक्टर अमनजोत को नाके पर कुचलने की कोशिश करने वाला फॉर्च्यूनर चालक अपने तीन साथियों के साथ फरार हो गया।
यही नहीं इंस्पेक्टर ने चालक को रोकने के लिए दो फायर भी किए। इंस्पेक्टर के शिकायत पर सेक्टर 34 थाना पुलिस ने उन्हें जान से मारने की कोशिश करने का मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं फॉर्च्यूनर की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुई होंडा सिटी के चालक मयंक सूद की शिकायत पर भी चालक के खिलाफ लापरवाही से ड्राइविंग करने का मामला दर्ज कर लिया गया है। इस बीच सेक्टर-22 में भी बैरिकेड्स को टक्कर मारकर कार चालक फरार हो गया।
लोकसभा चुनाव के चलते चंडीगढ़ पुलिस ने शहर में 106 नाके रात साढ़े बारह बजे से तीन बजे तक लगाए हुए थे। इंस्पेक्टर अमनजोत सिंह सेक्टर 45/46 की विभाजित सड़क पर खड़े हुए थे।
रात करीब 1:45 बजे मोहाली से सेक्टर 45 की तरफ आ रही फॉर्च्यूनर गाड़ी ने नाके से पहले हेड लाइट बंद की और गाड़ी रोक ली। इंस्पेक्टर को शक हुआ। वे गाड़ी की तरफ बढ़े।
इस पर चालक ने गाड़ी मोड़कर डिवाइडर पर चढ़ा दी और मोहाली की तरफ जाने लगा। इस दौरान उसकी होंडा सिटी गाड़ी से टक्कर हो गई। इंस्पेक्टर गाड़ी की ओर भागा और आगे खड़ा होकर रोकने के लिए इशारा करने लगा। इस पर फॉर्च्यूनर चालक ने इंस्पेक्टर को टक्कर मारने की कोशिश की।
इंस्पेक्टर बाल-बाल बचा। इंस्पेक्टर ने पिस्टल निकालकर गाड़ी पर दो हवाई फायर कर दिए। एक गोली गाड़ी के टायर के पास लगी। नाके पर खड़े जवानों ने तुरंत पीसीआर को सूचना दी।
पीसीआर और अन्य पुलिस जवानों ने गाड़ी का पीछा किया लेकिन वे मोहाली बैरियर को पार करते हुए फरार हो गए। चंडीगढ़ पुलिस खाली हाथ मोहाली बैरियर से वापस लौट आई।
फॉर्च्यूनर चालक को पकड़ने के लिए एसपी सिटी परमिंदर सिंह के नेतृत्व में एसआईटी बनाई गई है।
चाय पी कर खूब की पुलिस फोर्स की तारीफ:
जिस समय इंस्पेक्टर की साथ यह घटना हुई, उस वक्त एसएसपी डॉ सुखचैन सिंह गिल, एसपी सिटी परविंदर सिंह समेत 17 डीएसपी और 40 इंस्पेक्टर सेक्टर 17 बस स्टैंड पर खड़े थे। इंस्पेक्टर के साथ इतना बढ़ा हादसा होने के बावजूद सभी बस स्टैंड पर चाय पी रहे थे। इसके बाद एसएसपी ने अपनी फोर्स की तारीफें की और चले गए।
1200 जवान तैनात:
लोकसभा चुनाव केचलते पुलिस ने सिटी सील कर रखा था। शहर में कुल 106 नाके लगाए गए थे। जिनमें 38 आउटर और 68 इंटरनल नाके थे। इन नाकों पर 21 डीएसपी सभी थानों के एसएचओ चौकी इंचार्ज समेत अलग-अलग यूनिटों के इंस्पेक्टर थे। करीब 1200 पुलिस जवान तैनात किए गए थे।