जालंधर के नूरमहल में गश्त कर रही पुलिस पार्टी पर एक शराब तस्कर ने पेट्रोल बम से हमला कर दिया और बाद में खेतों में छिप गया। हमले में एक एएसआई और एक होमगार्ड जवान झुलस गया, जिनको इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जाती है।
घटना गांव पंडोरी जगीर में उस समय हुई, जब पुलिसकर्मी बाइक पर गश्त कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने खेत को घेरकर आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्जकर लिया है। घायलों की पहचान एएसआई सरूप सिंह और होमगार्ड रछपाल सिंह के रूप में हुई है।
उन्हें सिविल अस्पताल जालंधर में दाखिल करवाया गया है। सोमवार को दोनों मुलाजिम बाइक से जा रहे थे कि गांव पंडोरी जगीर में सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति ने मुलाजिमों को देखकर उन पर पेट्रोल बम से हमला कर दिया। इस दौरान दोनों मुलाजिम बुरी तरह से झुलस गए। बाद में हमलावर खेतों की तरफ भागकर छिप गया।
एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने बताया कि आरोपी को काबू कर लिया गया है। रविवार को दोनों पुलिस मुलाजिमों को शिकायत मिली थी कि आरोपी शराब बेचता है, जिसके बाद मुलाजिमों ने उसे चेतावनी दी थी। इस बात से आरोपी खफा था और उसने पेट्रोल बम से हमला कर दिया। हालांकि पुलिस रिकॉर्ड में आरोपी के खिलाफ तस्करी का कोई मामला दर्ज नहीं है।