उधार के पैसे नहीं दिए तो सिर पर मारी कांच की बोतल
- फोटो : Demo Pic
उधार के पैसे नहीं देने पर ग्रेन मार्केट में फल की रेहड़ी लगाने वाले युवक पर एक व्यक्ति ने कांच की बोतल से हमला कर दिया। आरोपी ने पहले बोतल उसके सिर पर मारी। बाद में टूटी बोतल उसकी छाती में घोंप दी। पीसीआर कर्मियों ने उसे नाजुक हालत में पीजीआई में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित के बयान पर सेक्टर-26 थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मनीमाजरा निवासी बबीन ने कुछ समय पहले वहां के रहने वाले नरेश से 8 हजार रुपये उधार लिए थे। वीरवार रात करीब 10:30 बजे बबीन ग्रेन मार्केट से घर जा रहा था। रास्ते में उसे नरेश मिल गया। बबीन से वह पैसे मांगने लगा। बबीन ने उससे कुछ समय और मांगा। इस पर दोनों में बहस हो गई। इस दौरान नरेश ने पास में रखी कांच की बोतल उसके सिर पर दे मारी। बबीन जब बचाव के लिए नरेश की ओर मुड़ा तो उसने टूटी हुई कांच की बोतल उसकी छाती में घाेंप दी। लहूलुहान होकर बबीन वहीं गिर पड़ा।
इसके बाद नरेश वहां से भाग गया। राहगीरों ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पीसीआर ने उसे पीजीआई में भर्ती कराया था। डॉक्टरों के अनुसार, बबीन के सिर और छाती पर गंभीर चोट आई है। शुक्रवार को बबीन को होश आया तो सेक्टर-26 थाना पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए। पुलिस ने पीड़ित के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर नरेश के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।