ट्रैफिक पुलिस के दो कांस्टेबलों को बुधवार रात चार युवकों ने चाकू मारकर बुरी तरह से जख्मी कर दिया। दोनों जख्मी कांस्टेबल सगे भाई है और ड्यूटी खत्म कर देर रात नयागांव स्थित घर जा रहे थे। बताया जाता है कि बदमाशों ने लूट की नीयत से वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल दोनों कांस्टेबलों को पीजीआई के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई थी।
जानकारी के अनुसार सकिंदर और मुकिंदर ट्रैफिक विभाग में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। बुधवार रात को शहर के अंदर ड्रंक एंड ड्राइव नाके के दौरान उनकी ड्यूटी भी लगी हुई थी। देर रात ड्यूटी खत्म कर दोनों भाई करीब 12.20 बजे कार से घर जा रहे थे। नयागांव में उन्हें किसी अधिकारी की कॉल आ गई। बात करने के दौरान उन्होंने सड़क किनारे अपनी गाड़ी लगा ली। इस बीच पीछे से दूसरी कार पर सवार चार-पांच युवक आए और हार्न मारने लगे।
इस बात को लेकर दोनों भाइयों के साथ युवकों की कहासुनी होने लगी। कुछ ही पल में बीच बचाव के बीच एक युवक उनकी कार से सामान निकालने लगा, जिसका उन्होंने विरोध किया। इसी बीच दो युवकों ने सकिंदर पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। इससे पहले मुकिंदर भाई का बचाव करने पहुंचा कि आरोपी ने सकिंदर पर तीन बार चाकू से हमला कर लहूलुहान कर दिया था। इसके बाद युवकों ने मुकिंदर पर भी हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को पीजीआई में भर्ती करवाया।
हालांकि, नयागांव थाना प्रभारी साहिब सिंह ने बताया कि हार्न मारने की बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट व हमला किया है। हालांकि, अभी तक लूट की बात सामने नहीं आ सकी है। दोनों घायलों के बयान दर्ज करने के बाद मामले में खुलासा होगा। वहीं, उन्होंने बताया कि आरोपियों की तलाश भी जारी है। वारदात स्थल से मोबाइल लोकेशन भी निकलवाया जा रहा है।