बेअंत सिंह हत्याकांड में मुख्य गवाह पर हमले की साजिश
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह मर्डर केस मुख्य गवाह बलविंदर सिंह पर मंगलवार रात पारिवारिक विवाद के दौरान संदिग्ध कार सवार ने हमला करने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि हमले के दौरान यूटी पुलिस से मिली सिक्योरिटी के सुरक्षा गार्ड मूकदर्शक बनकर खड़े रहे। इसकी शिकायत उन्होंने एसएसपी यूटी निलांबरी विजय जगदाले से भी की। पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड के मुख्य गवाह 44 वर्षीय बलविंदर सिंह बिट्टू ने बताया कि उनका नयागांव में मकान है। जबकि, वह पिछले कुछ वर्षों से मनीमाजरा में रहते हैं। नयागांव में आना जाना लगा रहता है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार की शाम सिक्योरिटी के साथ नयागांव मकान में गए थे। वहां पर मौजूद उनकी पत्नी (कोर्ट में तलाक का केस चल रहा) व सास ने अचानक किसी बात-विवाद को लेकर मारपीट शुरू कर दी। आरोपी है कि इसी दौरान संदिग्ध कार सवार युवक उनके घर के पास आकर रुके और आपस में हमले की बातचीत करने लगे। जबकि दूसरी ओर उनकी व दोनों महिलाओं (पत्नी व सास) के साथ लड़ाई चल रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे प्रकरण में सिक्योरिटी गार्ड्स मूकदर्शक होकर देखते रहे।
कुछ हो जाता तो तो जिम्मेवार कौन?
बिट्टू ने बताया कि संदिग्ध गाड़ी में आए साजिशकर्ता अगर कुछ कर देते तो उसका जिम्मेवार कौन होता। आरोप लगाया कि यूटी पुलिसकर्मियों ने जवाब दे दिया कि वह यूटी के अंदर एक्शन ले सकते हैं पंजाब या किसी अन्य राज्य में नहीं।
डीडीआर दर्ज कर जांच कर रहे हैं
नयागांव थाना प्रभारी साहिब सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत पर डीडीआर दर्ज कर ली है। पुलिस की प्राथमिक जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।