नूरपुरबेदी-रोपड़ मुख्य मार्ग पर स्थित गांव बजरूड़ में गुरुवार की रात भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को गैस कटर से काटकर बदमाश 19 लाख 17 हजार रुपये की नकदी लूट ले गए। शुक्रवार को सुबह वारदात की जानकारी गांव के व्यक्ति ने बैंक के मैनेजर को फोन पर दी। सुबह करीब छह बजे मैनेजर ने एटीएम का जायजा लिया तो देखा कि काटे गए एटीएम से लाखों की नकदी गायब है।
बैंक मैनेजर हरपाल सिंह ने बताया कि एटीएम बैंक के बिल्कुल साथ में है। बदमाशों ने एटीएम को ही नुकसान पहुंचाया है। वारदात से पहले बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे किया गया है। इसके बाद गैस कटर से एटीएम का शटर काटकर अंदर घुसे और फिर गैस कटर से ही एटीएम को काटकर 19 लाख 17 हजार रुपये की राशि निकाल ले गए।
मैनेजर ने बताया वारदात गुरुवार रात करीब दो बजे की है। वहीं इस वारदात से पुलिस गश्त पर भी सवाल उठने लगे हैं। गौरतलब है कि पुलिस पार्टी पहले पूरी रात गश्त करती थी, मगर पिछले कुछ समय गश्त न होने से अपराधियों को मौका मिल रहा है। पुलिस स्टेशन नूरपुरबेदी और चौकी हरीपुर के बीच का गांव बजरूड़ जो मुख्य मार्ग पर है, यहां 24 घंटे वाहनों का आवागमन रहता है। बैंक के सामने लोगों के घर भी हैं लेकिन किसी को वारदात की भनक नहीं लगी। बहरहाल रोपड़ से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने सैंपल एकत्रित किए हैं। पुलिस मुख्य मार्ग पर विभिन्न दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच रही है।