स्थानीय निकाय विभाग की इंस्पेक्टर, जेई और एसडीई की परीक्षा में पेपर लीक कर मोटी रकम वसूलने वाले गिरोह के एक अन्य आरोपी को विजिलेंस ने तेलंगाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शिव बहादुर निवासी वाराणसी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई । यह पेपर सप्लाई करने का काम करता था। विजिलेंस ने उसे अदालत में पेश किया। जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, स्थानीय निकाय विभाग ने नवंबर 2015 में 682 विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। इस दौरान जेई, असिस्टेंट इंजीनियर, सब-डिवीजन इंजीनियर व अन्य कई पदों के लिए परीक्षा ली जानी थी। जिसके लिए 67 हजार परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। एसडीओ की परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र पहले ही लीक हो गया था। जबकि जेई के पेपर लीक होने का खुलासा बाद में हुआ था। इस बात का खुलासा परीक्षार्थियों की उत्तर पत्रिकाओं से हुआ था। जिनमें सभी प्रश्नों के जवाब एक जैसे थे व गल्तियां भी एक जैसी थीं। उन्होंने अंक भी बहुत ज्यादा हासिल किए थे।
यह मामला फरवरी 2016 में उस समय सामने आया था जब गांव कोलियांवाली निवासी एक व्यक्ति ने मुख्य मंत्री को शिकायत दी थी कि वह भी परीक्षा के लिए अपीयर हुआ था। लेकिन परीक्षा से पहले किसी व्यक्ति ने उसे 30 लाख रुपये में पेपर देने की बात कही थी। साथ ही कहा था कि जो पेपर वह व्यक्ति देगा वही पेपर आएगा। इस के बाद यह भी पता चला था कि कुछ लोगों ने इस परीक्षा से पहले प्रश्न पत्र लखनऊ से खरीदा था।