पंचकूला में मंगलवार को सीबीआई की विशेष अदालत में रोहतक अपना घर प्रकरण के छह आरोपी और दो गवाह पेश हुए। इस मामले में सीबीआई विशेष न्यायाधीश राकेश कुमार यादव के सामने जांच टीम के सदस्य रहे सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र और अपना घर अनाथालय में रहने वाली मूक-बधिर 28 वर्षीय युवती की गवाही हुई।
बहुचर्चित प्रकरण में अब तक कुल 35 गवाही हो चुकी है। वहीं हाईकोर्ट द्वारा इस मामले अदालती कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश के बाद सीबीआई के विशेष जज ने मंगलवार को जल्द सुनवाई के लिए अगली तीन पेशी की एडवांस तारीख दी है। अपना घर मामले में 11 अप्रैल,18 अप्रैल और 25 अप्रैल को पेशी होगी।
सीबीआई के वकील एसपीएस परमार ने बताया कि मंगलवार को जो दो गवाह अदालत में पेश हुए थे,उनकी गवाही मुलजिमों के खिलाफ नहीं मानी जा सकती। उनके मुताबिक अपना घर मामले की जांच के दौरान अनाथालय में रहने वाली मूक बधिर युवती ने रेप की पुष्टि की थी, लेकिन आज गवाही के दौरान यह युवती आरोपी जयभगवान को पहचान नहीं सकी।
दूसरा गवाह हरियाणा पुलिस का एएसआई था, जोकि जांच अधिकारी डीएसपी सत्या की टीम का सदस्य था। उसने गवाही में कहा कि वह उन जगहों को पहचान सकता है, जहां दो युवतियों ने रेप की पुष्टि की थी। वरिष्ठ अधिवक्ता परमार ने बताया कि मंगलवार को जसवंती, उनका भाई जसवंत, जयभगवान, सतीश, सुषमा और शीला सहित कुल छह आरोपी अदालत में पेश हुए थे।