हेरोइन तस्करी का गिरोह चलाने वाले यहां के ड्राई फ्रूट व्यापारी रणदीप सिंह उर्फ रोमी के साथी गुरविंदर सिंह को स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने सोमवार को गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से ढाई किलो हेरोइन बरामद हुई है। फरार रोमी अमृतसर के अकाली दल के व्यापार विंग के नेता का रिश्तेदार है। वहीं व्यापार सेल का नेता इस समय हालातों को देखते हुए विदेश चला गया है।
उल्लेखनीय है कि 16 दिसंबर की सुबह गुरदासपुर के सेक्टर कलानौर में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल और बीएसएफ ने ज्वाइंट ऑपरेशन चलाया। इसमें पाकिस्तान से हेरोइन की खेप लेकर भारत में घुसपैठ कर रहे पाकिस्तानी तस्कर को मार गिराया गया।
मौके से 17 किलो हेरोइन, 100 ग्राम अफीम और दो मोबाइल फोन बरामद हुए थे। बाद में इसी जगह पर सर्च अभियान चलाने पर दो किलो हेरोइन और बरामद हुई। कुल 19 किलो हेरोइन पाकिस्तान से भेजी गई थी और बरामद कर ली गई।
मौके पर ही दो तस्कर वरुण पुरी उर्फ राजा निवासी हाथी गेट अमृतसर और जगदीप सिंह उर्फ जग्गी निवासी गांव निक्को सराय डेरा बाबा नानक जिला गुरदासपुर को गिरफ्तार हुए थे।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक दोनों तस्करों ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया था कि उनके साथ हेरोइन की खेप लेने के लिए गिरोह का मास्टर माइंड रणबीर सिंह उर्फ रोमी निवासी शास्त्री नगर लारेंस रोड अमृतसर, लाली उर्फ बोबी निवासी बी ब्लॉक रंजीत एवेन्यू, गुरविंदर सिंह निवासी गांव चीचा भकना भी मौजूद थे।
आरोपियों की पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गुरदासपुर के गांव शाहपुर जाजण का रहने वाला जगजीत सिंह जग्गू हेरोइन की रकम इधर उधर करता है। पुलिस ने रविवार को जग्गू को गिरफ्तार कर लिया था।