घर से भागकर शादी रचाने वाला प्रेमी जोड़ा पुलिस प्रोटेक्शन लेने अदालत पहुंचा तो लड़की के परिजनों ने उन्हें घेर कर अगवा कर लिया। मामला हरियाणा के सिरसा का है। हरियाणा पुलिस के एक एएसआई ने उन लोगों का पीछा कर उन्हें सैनिक भवन के पास रोक लिया।
इसके बाद अदालत परिसर के आसपास खडे़ सैकड़ों लोग भी पीछा करते हुए मौके पर पहुंचे और प्रेमी जोडे़ को लेकर जा रहे लोगों को घेर लिया। एएसआई ने हुडा चौकी में फोन करके घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रेमी जोडे़ को उनके घरवालों के चंगुल से छुड़वाया और अपनी हिरासत में ले लिया। वहीं एसआई चानन सिंह ने शंका जताई कि जिस तरह से लड़की के परिजन गुस्से में थे इससे साफ लग रहा था कि वे इन्हें जिंदा नहीं छोड़ते।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 11 बजकर 45 मिनट पर अदालत परिसर की कैंटीन के पास नवविवाहित जोड़ा खड़ा था। दोनों को पुलिस प्रोटेक्शन लेने के लिए अदालत में जाना था। तभी 15-20 लोगों ने प्रेमी जोडे़ को चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। इनमें लड़की का पिता व अन्य रिश्तेदार शामिल थे।
उक्त लोगों ने लड़का-लड़की का हाथ पकड़ा और जबरन बरनाला रोड की तरफ ले जाने लगे। प्रेमी जोड़ा ‘बचाओ-बचाओ ’ चिल्लाने लगे। वहां सैकड़ों लोग मौजूद थे लेकिन किसी ने उक्त लोगों को रोकने का प्रयास तक नहीं किया। इसी बीच कैंटीन में चाय पी रहे एएसआई राजकुमार झाबा ने चिल्लाने की आवाज सुनी और उन लोगों के पीछे दौड़ पडे़।
सैनिक भवन के पास उन्होंने लड़की का हाथ पकड़कर ले जा रहे शख्स का हाथ पकड़ लिया। इसके बाद लोगों में भी साहस जागा और वे भी सैनिक भवन के पास पहुंच गए।