नवजात बच्चे को अस्पताल में छोड़ कर फरार हुई मां के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मोहाली की रहने वाली शारदा को लेबर पेन होने पर 12 दिसंबर को जीएमसीएच-32 में भर्ती कराया था। महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया था।
अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को बताया कि बच्ची को जन्म देने के बाद वह अस्पताल से फरार हो गई। 16 दिसंबर को बच्ची की अस्पताल में मौत हो गई।
अस्पताल ने कार्रवाई करते हुए बच्ची के शव को मार्चरी में रखवा दिया। वीरवार तक कोई भी शव लेने के लिए नहीं आया तो अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना सेक्टर-34 पुलिस को दी।
पुलिस ने आला अधिकारी की मंजूरी के बाद मोहाली की रहने वाली महिला शारदा के खिलाफ मामला दर्ज किया।
सेक्टर-34 पुलिस थाना प्रभारी का कहना है कि डॉ. अजय कुमार की शिकायत पर आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।