तेजाब फेंकने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
गांव बहुई की पंचायती जमीन पर अपना-अपना हक जताने के लिए तेजाब डालने की घटना के लिए जिला पुलिस ने गांव के ही एक परिवार को आरोपी ठहराया है। थाना कोतवाली की पुलिस ने आरोपी महिला, उसके पति, सास, मौसा सुसर, बेटी और एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके चार लोगों की गिरफ्तारी दिखा दी है। पुलिस अज्ञात आरोपी और तेजाब बेचने वाले की भी शिनाख्त में जुटी हुई है। उधर, थाना कोतवाली की पुलिस ने आरोपी महिला की शिकायत पर धारा 323 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
थाना कोतवाली की पुलिस ने गांव बहुई के सरपंच विनोद कुमार के बयान पर आरोपी महिला राजविंदर कौर, उसके पति निर्मल सिंह, सास रतन कौर और 12 साल की बेटी लवप्रीत समेत छह लोगों पर केस दर्ज किया है। निर्मल सिंह को पुलिस ने सोमवार को ही हिरासत में ले लिया था।
मंगलवार को आरोपी राजविंदर कौर, उसकी सास रतन कौर और मौसा ससुर जसविंदर कौर की गिरफ्तारी दिखा दी गई। 12 साल की लड़की लवप्रीत कौर की हालत को देखते हुए उसका अभी सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहां पर पुलिस तैनात है। अब तक पुलिस को तेजाब कहां से आया और किसने बेचा, इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।
आरोपी महिला की बेटी झुलसी महिलाओं के साथ उपचाराधीन
पंजाब के कपूरथला में महिलाओं पर एसिड अटैक
- फोटो : File Photo
डीएसपी सब-डिवीजन दलजीत सिंह ढिल्लो ने बताया कि इस मामले में छठे आरोपी की तलाश के लिए भी पुलिस अलग-अलग जगह पर छापामारी कर रही है। वहीं दूसरी ओर आरोपी महिला राजविंदर कौर की शिकायत पर भी थाना कोतवाली में धारा 323 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच का दौर शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा एसिड अटैक में झुलसी मनरेगा कर्मियों, गांव की एक अन्य महिला का सिविल अस्पताल कपूरथला और सरपंच की पत्नी का जालंधर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
गांव में कम्यूनिटी हॉल का निर्माण कार्य कुछ देर रोकने के बाद दोबारा शुरू कर दिया गया है। सरपंच विनोद कुमार ने बताया कि सुबह काम चल रहा था लेकिन बाद में रोक दिया गया। कागजात दिखाने के बाद दोबारा से काम शुरू करवाया गया है।
उन्होंने कहा कि गांव का एक ही परिवार विकास के कामों में अड़ंगा लगाता आ रहा है। उसने तो बेवजह झूठे केस भी उन पर दायर कर रखे हैं। बीते दिनों कपूरथला में मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के संगत दर्शन कार्यक्रम में उक्त महिला से बचाने की फरियाद लेकर गए थे। गांव के लोगों के साथ उन्होंने सीएम के समक्ष पूरा मामला रखा। इस पर उन्होंने एसएसपी को हिदायत की थी।