बुधवार की सुबह जालंधर के पीएपी चौक पर खड़ी एक युवती पर बाइक सवार दो बदमाशों ने एसिड फेंक दिया। इससे पीड़ित 23 वर्षीय युवती काफी झुलस गई। वारदात के बाद बाइक पर सवार दोनों बदमाश रामामंडी चौराहे की तरफ फरार हो गए। पास ही खड़े ऑटो चालकों ने तत्काल पानी से लड़की का चेहरा धोया और बाद में उसको रामामंडी स्थित एक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने शातिर बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश की जा रही है।
बुधवार सुबह करीब 7.10 बजे पर पीएपी चौक पर एक लड़की खड़ी थी तभी बाइक सवार दो युवक उसके निकट पहुंचे, दोनों ने अपना चेहरा ढक रखा था। एक युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया। इस वारदात में युवती बुरी तरह से झुलस गई।
एसीपी कैंट दलबीर सिंह का कहना है कि पुलिस के पास लड़की ने अपने बयान कलमबद्ध करा दिये हैं, जिसमें उसने अभी किसी का नाम नहीं लिखाया है। लड़की काफी सहमी हुई है और पुलिस लड़की की हालत सामान्य होने का इंतजार कर रही है। सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है, जिसमें इतना ही पता चला है कि लड़के वारदात को अंजाम देने के बाद रामाममंडी चौराहे की तरफ निकल गए।