जालंधर में स्कॉर्पियों के एक्सीडेंट में महिला की मौत
- फोटो : अमर उजाला
जालंधर-अमृतसर हाईवे पर लंबा पिंड चौक के पास एक तेज रफ्तार एडवोकेट की स्कॉर्पियो पैदल जा रही महिला को घसीटती ले गई। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान जीवना बाला (30) निवासी दीपनगर के तौर पर हुई है। हादसे के बाद गुस्साए मृतक महिला के परिजनों ने चौक पर ही धरना लगाकर आधे घंटे तक हाईवे जाम कर दिया।
पुलिस ने आरोपी कार चालक एडवोकेट जसवंत सिंह को गिरफ्तार कर उस पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है। जीवना बाला लंमा पिंड चौक के पास अपने किसी रिश्तेदार के घर में अफसोस करने आई थी। वह लंबा पिंड चौक के पास ही पैदल जा रही थी कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो महिला को घसीटती ले गई। बाद में कार बिजली के खंभे से टकराकर रुक गई। महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने आरोप लगाया है कि उन्होंने हादसे के बाद तुरंत 108 नवंबर पर फोन कर एंबुलेंस बुलवाई, मगर वह समय पर नहीं आई। इसी से भड़के मृतक महिला के परिजनों ने लंबा पिंड चौक के पास धरना लगा दिया। पुलिस ने आरोपी कार चालक एडवोकेट जसवंत सिंह निवासी नकोदर को गिरफ्तार कर लिया है। शहर में दूसरा हादसा बीएमसी चौक पर हुआ। वहां रविवार दोपहर के समय स्विफ्ट और पोलो कार में टक्कर हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गलती का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।