अलग-अलग हुए सड़क हादसों में साढ़े तीन साल के बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई।
पहला सड़क हादसा गांव खतीब के पास हुआ। गांव खतीब के पूर्व सरपंच जगजीत सिंह ने बताया कि वह सोमवार सुबह अपने बाइक पर जा रहा था। रास्ते में करीब 25 साल का युवक नशे की हालत में बैठा था। जब वह शाम को आया तो उसने देखा कि वही अज्ञात युवक सड़क के किनारे पड़ा था और उसकी मौत हो चुकी थी।
जगजीत सिंह ने बताया कि किसी अज्ञात वाहन के चालक ने उसके सिर पर टायर चढ़ा दिया था। पुलिस थाना सिविल लाइन में तैनात एएसआई संतोख सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मृतक युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी।
दूसरा हादसा गांव रंगीलपुर के बस अड्डा के पास हुआ। बख्सीस सिंह वासी रंगीलपुर ने बताया कि उसकी साली मनप्रीत कौर अपने बच्चों समेत उनके घर आई थी। सोमवार देर शाम वह अपने बच्चों समेत अपने घर जाने के लिए गांव रंगीलपुर के बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार जगजीत सिंह ने उसकी साली और बच्चों को टक्कर मार दी।
इसमें उसकी साली के साढ़े तीन साल के बेटे गुरवंश सिंह की मौत हो गई। अन्य लोग बच गए। पुलिस थाना रंगड नंगल ने आरोपी बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी बाइक चालक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।