फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब से पैदल आ रहा था युवक, रास्ते में आवारा कुत्तों ने घेरा और नोंच-नोंचकर मार डाला

Sat, 22 Dec 2018 09:32 AM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फतेहाबाद (रतिया)
विज्ञापन
demo pic
विज्ञापन

हरियाणा के फतेहाबाद के गांव पिलछियां के पास पंजाब सीमा में गुरुवार देर रात खूंखार आवारा कुत्तों ने एक युवक को बुरी तरह नोच डाला। जिससे  पिलछियां निवासी युवक की मौके पर ही मौत हो गई। गांववासियों ने खेतों में युवक की लाश देखी तो उन्होंने उसके परिजनों व पुलिस को सूचित किया। सूचना पाकर पंजाब पुलिस मौके पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर सरदूलगढ़ के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।      

विज्ञापन


पिलछियां निवासी अमृतपाल (32) उर्फ लहरी पंजाब के पंचायत चुनावों के चलते पिछले कई दिनों से पिलछियां के साथ लगते पंजाब के गांव फतेहपुर में आता जाता था। गुरुवार रात्रि को भी अमृतपाल फतेहपुर गया था और वापस आने में लेट हो गया। पिलछियां बार्डर से आगे पंजाब की ओर शराब का ठेका है और कई बार वहां से गाड़ियों में लोग शराब और मांस का सेवन करते हैं और कुछ हिस्से बाहर फेंक देते हैं। 

जिसके कारण कुत्तों को मांस की लत लगती है और वो हिंसक होने लगते हैं। परिजनों के अनुसार, अमृतपाल देर रात्रि खेतों के रास्ते से वापस आ रहा था तो जैसे ही वह पिलछियां से कुछ दूरी पर स्थित पंजाब हरियाणा के बॉर्डर के पास पहुंचा तो पंजाब में स्थित हड्डा रोड़ी के खूंखार आवारा कुत्ते उसके पीछे पड़ गए। हालांकि कुत्तों को आता देखकर वह भागा, लेकिन कुत्तों ने उसे पंजाब के फतेहपुर के खेतों में ही दबोच कर बुरी तरह से नोच खाया।

विज्ञापन
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर
 कुत्ते इतने हिंसक थे कि उन्होंने अमृतपाल के शरीर को बुरी तरह से नोच लिया। जिससे उसका शव भी क्षत-विक्षत हो गया। शुक्रवार सुबह फतेहपुर के ग्रामीण जब खेतों में आए तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना झनीर पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस कर्मचारी कुलवंत सिंह मौके पर पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम करवाकर मृतक के पिता अजैब सिंह के बयानो पर इत्तफाकिया कार्रवाई करके शव परिजनों को सौंप दिया। 

15 से बीस कुत्तों का झुंड, एक साल में चार वारदात
पिलछियां के मेन रास्ते के अलावा खेतों के बीच से होकर भी कई रास्ते हैं। इन रास्तों पर ही अक्सर आवारा कुत्ते झुंड की शक्ल में बैठे होते हैं। एक अनुमान के मुताबिक इस एरिया में तकरीबन 15 से 20 आवारा कुत्तों के झुंड घूमते हैं। गांव के सरपंच प्रतिनिधि गुर सेवक सिंह ने बताया कि हरियाणा और पंजाब की सीमा पर सैकड़ों खूंखार आवारा कुत्ते हैं, जो कि आने जाने वाले लोगों और पशुओं पर अकसर हमला कर देते हैं। 

पंचायत ने इसकी सूचना पहले भी उच्चाधिकारियों को भेजी थी, लेकिन समस्या का कोई हल नहीं हुआ। मामले के जांच अधिकारी कुलंवत सिंह ने बताया कि मृतक के पिता के बयानों पर इत्तफाकिया कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवा शव को परिजनों को सौंप दिया है।

समस्या के निदान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा : डीसी
इस बारे में बात करने पर जिला उपायुक्त डा. जेके आभीर ने माना कि कुत्तों के हमले से किसी व्यक्ति की जान चली जाए, ये काफी शर्मनाक घटना है। मैं शनिवार को ही इस मामले में संबंधित विभाग से बात करूंगा कि वहां की ग्राउंड रिपोर्ट दें और इसके अलावा इस समस्या के निदान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। पहला प्रयास तो ये रहेगा कि पंजाब बॉर्डर पर गाड़ी में शराब व अन्य हरकतों को रुकवाया जाए और इसके बाद कुत्तों को वहां से पकड़ कर उनका उपचार किया जाए ताकि उनका हिंसकपन खत्म किया जा सके।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें