अपने बेटे का शव देखकर वह चिल्ला पड़ी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही लाइनपार थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस शव को नागरिक अस्पताल ले गई। दोपहर बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बबलू की पत्नी की 8 साल पहले हुई थी मौत
मृतक बबलू तीन भाइयों में मंझला था और दो बच्चों का पिता था। कुछ वर्ष पहले उसके बड़े भाई को कुत्ते ने काट लिया था। इस दौरान इलाज ठीक ढंग न होने के कारण उसकी मौत हो गई थी। करीब 8 साल पहले बबलू की पत्नी की भी मौत हो गई थी। काफी कम उम्र में ही बबलू के दोनों बच्चे गोलू और सोनू ने अपने माता-पिता को खो दिया। अब उनके पालन पोषण की जिम्मेदारी बूढ़े दादा-दादी के कंधों पर आ गई है।
रामू के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस को दी शिकायत में परिजनों ने कहा है कि रात को रामू नाम का शख्स बबलू के साथ बैठा था। तीन बजे तक भी दोनों साथ ही थे। तीन से छह बजे के बीच रामू ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर बबलू की हत्या की है। उधर, लाइनपार थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर रामू के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की तलाश के लिए लाइनपार थाना पुलिस, सीआईए समेत चार टीमें लगी हुई है। जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा। -देवेंद्र कुमार, एसएचओ, लाइनपार थाना।