पूरा परिवार गृह प्रवेश की तैयारी में जुटा हुआ था। लेकिन नए घर की खुशी में ऐसा ग्रहण लगा कि परिवार में सन्नाटा पसर गया। घर का इकलौता चिराग ही बुझ गया। घटना पंजाब के लुधियाना की है। यहां, किराए के मकान को छोड़ कर खुशी-खुशी अपने घर में जाना महेश शर्मा के परिवार को कभी न भूलने वाला गम दे गया। गृहप्रवेश के मुहूर्त पर महेश के घर का चिराग ही बुझ गया।
घर के ऊपर से गुजरी हाइटेंशन लाइन के तार ने महेश शर्मा के 25 वर्ष के बेटे देव शर्मा को अपनी तरफ खींच लिया। इससे उसे बिजली का जोरदार झटका लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महेश शर्मा का कहना है कि वह सीधे तौर पर कालोनाइजर की लापरवाही है, जिसने नीचे लटक रहे तार ठीक नहीं कराए और हादसा हो गया। सोमवार को देव शर्मा के शव का पोस्टमार्टम हुआ।