फिरोजपुर के गांव लहिरा बेट में एक व्यक्ति स्वर्ण सिंह ने अपनी प्रेमिका से दुखी होकर पहले फेसबुक पर लाइव होकर प्रेमिका के पति का मर्डर करना स्वीकारा, फिर सल्फास निगल कर खुदकुशी कर ली। स्वर्ण सिंह ने फेसबुक पर लाइव होकर कहा कि उसकी प्रेमिका और उसका बेटा उसे तंग कर रहे हैं, इसके अलावा प्रेम-प्रसंग में रोड़ा बनने के कारण उसने और प्रेमिका ने मिलकर प्रेमिका के पति रसाल सिंह की हत्या कर दी थी। थाना मक्खू पुलिस ने मृतक की पत्नी राजविंदर कौर के बयान पर बलविंदर कौर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
स्वर्ण सिंह ने शनिवार को फेसबुक पर लाइव होकर कहा कि उसके बलविंदर कौर के साथ 2001 से प्रेम-प्रसंग थे। संबंधों में बलविंदर कौर का पति रसाल सिंह रोड़ा बन रहा था, इसलिए दोनों ने मिलकर चार सितंबर 2014 को उसकी हत्या कर दी और कहा कि पैरालाइज का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई। स्वर्ण सिंह ने फेसबुक के जरिए कहा कि उसकी मौत के जिम्मेदार बलविंदर कौर और उसका बेटा है। इतनी बात कह कर रिकार्डिंग बंद कर दी और फिर सल्फास निगल कर खुदकुशी कर ली।
मृतक स्वर्ण सिंह की पत्नी राजविंदर कौर ने थाना मक्खू पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसके पति स्वर्ण सिंह के बलविंदर कौर के साथ संबंध थे। वह अपने पति को मना भी करती थी लेकिन वह नहीं मानता था। हालांकि उसका पति बलविंदर कौर से भी तंग था, इसलिए उसने सल्फास निगल कर खुदकुशी कर ली। थाना मक्खू पुलिस ने रविवार को बलविंदर कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। मामले की जांच कर रहे इंस्पेक्टर जतिंदर सिंह का कहना है कि बलविंदर कौर का बेटा बेकसूर है, इसलिए उसके खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है।