पंजाब के फिरोजपुर में जंडवाला-जानीसर के बीच गुजरने वाली चंदभान ड्रेन से संदिग्ध हालत में एक युवती का शव बरामद हुआ है। युवती की अभी पहचान नहीं हो पाई है। उसकी उम्र 19 साल के करीब बताई जा रही है। शव पूरी तरह गल चुका है। इससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवती की मौत एक सप्ताह पहले हुई है।
युवती ने हाथ में लाल और सफेद रंग की चूड़ियां पहन रखी थी। पुलिस ने पहचान के लिए फाजिल्का सिविल अस्पताल के मुर्दाघर में शव को रखवा दिया है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एएसआई लखबीर सिंह ने बताया कि किसी व्यक्ति का पुलिस चौकी लधू वाला में फोन आया था कि गांव चक जानीसर से गुजर रही चंदभान ड्रेन (सेमनाला) के पुल के नीचे एक युवती का शव पड़ा है।
सूचना के आधार पर थाना वैरोका के प्रभारी अमरिंदर सिंह भंडारी पुलिस पार्टी संग मौके पर पहुंचे। उन्होंने ड्रेन से युवती का शव निकलवाया और मुर्दाघर में रखवा दिया है। लखबीर ने कहा कि उनके इलाके के किसी भी पुलिस चौंकी व थाना में युवती के गुम होने की शिकायत दर्ज नहीं है। राजस्थान को जाने वाली दो बड़ी नहरों से उक्त ड्रेन में पानी छोड़ा जाता है। शायद वहां से शव बहकर आ गया होगा।