8 साल की बच्ची एक मिनट में बैंक कैशियर की दराज से 90 हजार रुपये उड़ाकर फरार हो गई। मामला हरियाणा में फतेहाबाद के रतिया का है। दिन दिहाड़े एक आठ साल लड़की ने अनाज मंडी स्थित ओरियटंल बैंक में घुसी और कैशियर की दराज में रखे 90 हजार रुपये पर हाथ साफ कर गई।
भनक लगते ही बैंक कर्मचारी ने उसका पीछा किया और बैंक से कुछ दूरी पर ही उक्त बच्ची को रुपयों सहित पकड़ लिया। बैंक मैनेजर ने घटना की सूचना पुलिस को दी। रतिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लड़की को काबू कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस इस मामले की विस्तृत तहकीकात के लिए सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर उसे खंगाल रही है। ताकि इस बात का पता लगाया जा सके कि इस लड़की का कोई और साथी भी वहां पर था अथवा नहीं। शुक्रवार सुबह हुई इस घटना के बाद मंडी क्षेत्र व बैंक के आसपास हड़कंप मच गया।
बैंक कर्मी को चकमा देकर भागी, पर पकड़ी गई
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर को अनाज मंडी स्थित ओरियटंल बैंक ऑफ कॉमर्स में एक आठ वर्षीय लड़की बैंक के सुरक्षा गार्डों और कर्मचारियों को चकमा देते हुए बैंक के अंतिम छोर पर स्थित कैशियर के केबिन तक पहुंच गई। उस वक्त बैंक के कैशियर कविन्द्र किसी कार्य के लिए बैंक के मैनेजर एसएस चाहर के पास उनके केबिन में गए हुए थे।
लड़की ने मौका देख कुछ ही सेकेंड में कैशियर के दराज में रखे हुए 90 हजार रुपये उड़ा दिए और फरार हो गई। उसी वक्त कैशियर कविन्द्र अपने केबिन में वापस आए, उन्होंने उक्त लड़की को दराज से कुछ उठाकर भागते हुए देखा।
ये देखते ही कविन्द्र ने तुरंत शोर मचा दिया। वो खुद लड़की को पकड़ने के लिए उसके पीछे भागे। इतने मे ही बैंक के गार्ड व अन्य कर्मचारियों ने बैंक से कुछ दूरी पर ही लड़की को रुपयों सहित पकड़ लिया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पूछताछ में लड़की ने पुलिस अधिकारियों को भी चकरा दिया। वो लड़की बार बार बयान बदलकर पुलिस को उलझा रही थी और अपना नाम व शहर व प्रदेश का नाम भी बार-बार बदल रही थी।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने के बाद पता चला की लड़की ने उक्त सारी घटना को एक मिनट से भी कम समय में अंजाम दिया। पुलिस अधिकारी इस लड़की को किसी बड़े गिरोह के साथ जोड़ कर देख रहे हैं। जांच अधिकारी पूर्ण सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साधनों से बच्ची के साथियों की तलाश की जाएगी।