खरड़-झुग्गियां रोड पर बन रहे फ्लैटों में मंगलवार को छह वर्षीय राहुल नाम के बच्चे की गर्दन कटा शव मिला। वह सोमवार शाम से घर से गायब था। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसे सिविल अस्पताल में रखवा दिया।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही एसपीडी जसकरन सिंह तेजा, डीएसपी मनवीर सिंह बाजवा, डीएसपी खरड़ लखवीर सिंह टिवाना व सीआईए इंचार्ज अतुल सोनी मौके पर पहुंचे। पुलिस की डॉग स्कवाड, फिंगर प्रिंट और फॉरेंसिक लैब की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं और घटना का जायजा लिया। इस बारे में पुरुषोत्तम नामक व्यक्ति ने बताया कि राहुल सोमवार शाम चार बजे गुम हो गया था। उन्होंने उसे तलाशने की कोशिश की। साथ ही गुरुद्वारा साहिब से भी इस संबंध में एनाउंसमेंट करवाई। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे जब इलाके के अन्य बच्चे भी उसकी तलाश कर रहे थे तो उन्हें फ्लैटों में राहुल का शव। उसकी गर्दन को आरी या ब्लेड के साथ काटा गया था। इस संबंध में तुरंत पुलिस को सूचित किया।
डॉक्टरों का बोर्ड आज करेगा पोस्टमार्टम
थाना सिटी के इंचार्ज सतनाम सिंह ने बताया कि राहुल के शव के पास एक ब्लेड मिला है। वहीं, मृतक बच्चे की मुठ्ठी से किसी व्यक्ति के सिरे के बाल मिले हैं। पुलिस इस मामले की जांच विभिन्न थ्योरियों पर कर रही है। पुलिस ने मृतक बच्चे के पिता महिंदर सिंह की शिकायत पर 302 का केस दर्ज कर लिया है। डॉक्टरों का बोर्ड मृतक के शव का पोस्टमार्टम करेगा।