आस्ट्रेलिया में एक साल पहले पति की हार्ट अटैक से हुई मौत के बाद से परेशान चल रही लखविंदर कौर (45) ने गुरुवार की रात को घर में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना का पता उस समय चला जब उसका 14 साल का बेटा रात को ट्यूशन पढ़ने के बाद घर लौटा। अंदर जब उसने मां को आवाज दी तो जवाब न मिलने पर वह कमरे में चला गया।
अंदर मां का शव लटकता देख उसके होश उड़ गए। उसके शोर मचाने पर आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। थाना सलेम टाबरी पुलिस ने जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा शव परिजनों के हवाले कर दिया है। महिला लुधियाना के मोहल्ला नेता जी नगर की रहने वाली थी।
जांच अधिकारी एएसआई शिंगारा सिंह ने बताया कि लखविंदर कौर के पति विदेश में कमाने गया था। करीब एक साल पहले लखविंदर के पति की आस्ट्रेलिया में हार्ट अटैक से मौत हो गई। इसके बाद से ही वह परेशान रहने लगी थी। बेटे के भविष्य के साथ-साथ वह घर के हालातों को लेकर भी परेशान रहती थी। गुरुवार की देर शाम को उसने अपने बेटे को ट्यूशन पढ़ने भेज दिया।
इसके बाद उसने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रात को जब बेटा घर आया तो मां को आवाज देने लगा। कोई जवाब नहीं मिलने पर वह कमरे में चला गया। अंदर मां का शव लटक रहा था। इसके बाद उसने परिवार वालों को बताया। एएसआई शिंगारा सिंह ने कहा कि अभी तक की जांच में तो यहीं सामने आया है कि वह परेशान थी। बाकी आगे की जांच की जा रही है।