सोमवार की रात को पवन कुमार राज के ढाबे के सामने स्थित एक ढाबे पर खाना खाने आया था। इसी दौरान आरोपी राज वहां पहुंच गया, उसने पवन के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी ने उस पर सरिये से हमला कर दिया। इसके बाद पवन कुमार बेसुध हो गया। आरोपी राज ने ढाबे से बोतल उठाई और तोड़कर गले में उतार दी। इससे पवन के गले पर गहरा जख्म हो गया और आरोपी वहां से फरार हो गया। लोगों ने शोर मचाया लेकिन आरोपी राज फरार होने में कामयाब हो गया। लोगों ने तुरंत परिवार और पुलिस को सूचित किया।
सूचना के बाद मृतक का भाई संजीव मौके पर पहुंचा और एंबुलेंस को फोन किया। संजीव ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस एक घंटे तक नहीं आई। जब आई तो वह तुरंत पवन को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना शिमलापुरी के एसएचओ दविंदर सिंह ने बताया कि मृतक पवन के परिवार वाले राज के साथ-साथ उसकी पत्नी और अन्य लोगों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगा रहे हैं लेकिन अभी तक की जांच में सामने आया है कि राज ने इस वारदात को अकेले ही अंजाम दिया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे जांचे जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी राज को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।