बच्चों व पति को छोड़कर घर से जाने वाली विवाहिता ने प्रेमी के साथ झगड़े के बाद जगह निगल कर जीवन लीला समाप्त कर ली है। मामला पंजाब के पटियाला का है। थाना घग्गा पुलिस ने विवाहिता के भाई के बयान पर आरोपी प्रेमी पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी रिश्ते में विवाहिता का देवर है। मृतका की पहचान जसवंत कौर (40) के तौर पर हुई है।
विवाहिता के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसकी बहन जसवंत कौर की शादी करीब 15 साल पहले पातड़ां के एक गांव के रहने वाले व्यक्ति से हुई थी। शादी के बाद दोनों के चार बच्चे हैं। कुछ समय पहले उसकी बहन के रिश्ते में देवर लगने वाले गुरप्रीत सिंह के साथ संबंध बन गए। दोनों को काफी समझाया भी लेकिन नहीं माने। इस बीच 20 जून 2023 को आरोपी गुरप्रीत सिंह उनकी बहन जसवंत कौर को अपने साथ ले गया।
उसी दिन देर रात करीब एक बजे जसवंत कौर ने फोन करके बताया कि वह पटियाला में भाखड़ा नहर के किनारे खड़ी है और उसने आरोपी गुरप्रीत सिंह से तंग आकर जहर पी लिया है। तलाश करते जब भाई सरकारी राजिंदरा अस्पताल पहुंचा तो पता लगा कि उसकी बहन की मौत हो चुकी है।
भाई का आरोप है कि गुरप्रीत सिंह से तंग आकर उसकी बहन ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया है। पुलिस ने इस शिकायत पर गुरप्रीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है लेकिन अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी भी विवाहित है। डेढ़ साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसके एक बच्चा भी है।