उसने बताया कि बिजेंद्र के साथ उसके 6-7 साल से संबंध थे। अब बिजेंद्र उसकी बेटी पर भी गलत नजर रखने लगा था। बिजेंद्र से पीछा छुड़वाने के लिए उसने एक लाख 60 हजार रुपये की सुपारी दी। इसके लिए उसने राजस्थान के रामपुरा बैरी निवासी रिश्तेदार विकास से संपर्क साधा। विकास ने भिवानी जिले के गांव सालेवाला निवासी सुनील से संपर्क किया तथा उसे सुपारी दे दी।
सुनील ने सतीश व रविंद्र के साथ मिलकर बिजेंद्र की हत्या की साजिश रची। 30 अगस्त की रात को प्रेमिका ने बिजेंद्र को घर बुलाया। उसे खेत में चलने के लिए कहा। बिजेंद्र प्रेमिका को अपने खेत के कोठे पर ले गया। इससे पहले प्रेमिका के कहने पर सुनील, सतीश व रविंद्र कोठे की छत पर छिप गए।
जब बिजेंद्र तथा प्रेमिका कोठे के अंदर गए तो सुनील, सतीश व रविंद्र ने बिजेंद्र पर चाकुओं से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। प्रेमिका के अनुसार सुनील व रविंद्र ने बिजेंद्र को पकड़ रखा था और सतीश ने उस पर चाकू से वार किए थे।
प्रेमिका ने एक बार अपने खाते से तो दूसरी बार बेटी के खाते से ट्रांसफर किए थे पैसे
बिजेंद्र की प्रेमिका ने एक लाख 44 हजार रुपये आरोपियों को दे दिए थे, बाकी पैसे एक-दो दिन में देने थे। पहली बार आरोपियों को बिजेंद्र की प्रेमिका ने 34 हजार रुपये तथा दूसरी बार 30 हजार रुपये नकद दिए। 50 हजार रुपये उसने अपने खाते से तथा 30 हजार बेटी के खाते से आरोपियों को ट्रांसफर किए थे। हत्या आरोपी एक महीने से बिजेंद्र का कत्ल करने का षड्यंत्र रच रहे थे। हत्यारे जुलाना की एक धर्मशाला में रुके हुए थे। उनका खाना बिजेंद्र की प्रेमिका के घर से जाता था।
बिजेंद्र के मोबाइल ने खोले राज
पुलिस ने बिजेंद्र का मोबाइल कब्जे में लेकर उसकी कॉल डिटेल खंगाली तो उसमें बिजेंद्र के मोबाइल पर एक महिला से रात को एक बजकर 32 मिनट पर बातचीत होना पाया गया। बिजेंद्र तथा महिला की पहले भी कई बार दिन में बातचीत पाई गई। इसके बाद पुलिस की शक की सूई उस महिला की तरफ घूमी। जब महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने सब कुछ उगल दिया।
पांच दिन के रिमांड पर आरोपी
मामला अवैध संबंधों से जुड़ा हुआ था। बिजेंद्र की प्रेमिका से जब पूछताछ की गई तो उसने सबकुछ उगल दिया। अवैध संबंधों के कारण ही बिजेंद्र की हत्या सुपारी देकर करवाई गई थी। पुलिस ने इस संबंध में उसकी प्रेमिका, सुनील, रविंद्र व सतीश को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में राजस्थान निवासी विकास अभी फरार है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। -कप्तान सिंह, डीएसपी जींद।