लुधियाना की रेलवे कॉलोनी निवासी अनामिका (29) ने मंगलवार की सुबह तेजाब पीकर आत्महत्या कर ली। तेजाब पीने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद थाना डिविजन पांच की चौकी बस स्टैंड की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के बाद अनामिका के परिवार वालों को सूचना दी।
उन्होंने पुलिस को बताया कि पति अनामिका को परेशान करता था। पुलिस ने अनामिका के परिवार वालों के आने के बाद उनके बयान दर्जकर अनामिका के पति अमित पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी का पता लगाने में जुटी है। पीड़ित अनामिका के शव का पोस्टमार्टम करा शव परिवार वालों को सौंप दिया है।
मृतका अनामिका की मां उर्मिला ने बताया कि वह मूलरूप से हरियाणा के रोहतक के रहने वाले हैं। आरोप लगाया कि आरोपी अमित पिछले कुछ समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। दिमागी तौर पर इतना परेशान कर दिया था कि अनामिका ने कई बार उन्हें फोन पर बताया लेकिन समझौता कर आरोपी मान जाता था कि वह ऐसा कुछ नहीं करेगा। मगर आरोपी ने इतना परेशान कर दिया कि अनामिका ने तेजाब पीकर आत्महत्या कर ली। चौकी बस स्टैंड की प्रभारी अवनीत कौर ने बताया कि आरोपी अमित अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
बठिंडा में किशोरी ने फंदा लगा जान दी
उधर, बठिंडा में थर्मल प्लांट के पास एक किशोरी ने फंदा लगा खुदकुशी कर ली। सूचना मिलने पर समाजसेवी संस्था सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड हेल्पलाइन टीम के सदस्य विक्की कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। संस्था के सदस्य ने थाना थर्मल पुलिस को मौके पर बुलाया और शव को फंदे से नीचे उतारा। मृतक की शिनाख्त अनु (15) पुत्री राकेश कुमार निवासी मलोट रोड बठिंडा के तौर पर हुई। सहारा टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। सहारा जनसेवा के सदस्य विक्की ने बताया कि खुदकुशी की वजह का पता अभी नहीं चला है। पुलिस मामले की जांच कर रही।