उत्तरप्रदेश के आगरा से नशीली गोलियां मंगवाकर पूरे पंजाब में सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को एसटीएफ लुधियाना और जालंधर की टीम ने गिरफ्तार किया है। नशीली दवाओं की यह एसटीएफ की अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी है। आरोपियों के कब्जे से 2.13 करोड़ कीमत की 28 लाख 88 हजार 348 नशीली गोलियां, कैप्सूल और कफ सिरप बरामद किए हैं। दवाएं सप्लाई करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली इनोवा कार भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस ने मनिंदरवीर सिंह उर्फ राजा (37) निवासी हैबोवाल कलां स्थित न्यू पटेल नगर और सुरिंदर सिंह (32) निवासी मुरादपुर, होशियारपुर के गांव के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सुरिंदर सिंह ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक ट्रांसपोर्ट पर बतौर मैनेजर तैनात है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से दोनों को पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। एसटीएफ के आईजी प्रमोद बान ने बताया कि एसटीएफ जालंधर और लुधियाना की टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी राजा दवाओं की दुकान की आड़ में नशीली दवाएं सप्लाई करने का धंधा करता है। वह गाड़ी में दवाएं लेकर जा रहा है।
पुलिस ने चूहड़पुर रोड पर आरोपी की इनोवा को रोक लिया। तलाशी के दौरान आरोपी की गाड़ी में से चार लाख 80 हजार नशीली गोलियां बरामद की गई। नशीली दवा बेचकर इकट्ठा की हुई छह लाख रुपये की नकदी भी बरामद कर ली गई। गाड़ी आरोपी के पिता के नाम पर है। आईजी प्रमोद बान ने बताया कि जब आरोपी से पूछताछ की गई तो उसकी निशानदेही पर उसके घर की छत पर बनाए स्टोर रूम की तलाशी ली गई। इसके बाद पुलिस ने वहां से 13 तरह की 21 लाख 58 हजार 348 नशीली दवाएं बरामद की।