सूचना के बाद सदर थाना पुलिस अस्पताल और गांव पहुंची लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने तीन टीमें बनाई है, जो मानहेरू व अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। कुछ संदिग्ध हिरासत में भी लिये गए है।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने बिजेंद्र की शिकायत पर 12 नामजद व अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। सदर थाना प्रभारी राकेश सैनी ने बताया कि शिकायत पर सचिन, हरिश, अंकित, रवींद्र, संदीप, मुकेश आदि 12 के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें छापामारी कर रही है। जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
बिजेंद्र को मारने आए थे, अजय को मार दिया
बाइक से पटाखे बजाने पर युवकों को बिजेंद्र ने टोका था। मृतक के चचेरे भाई दीपक ने बताया कि उसके पास पड़ोसी युवक सचिन ने फोन कर धमकी दी कि तेरे भाई बिजेंद्र ने उसे गालियां दी है और झगड़ा किया है। उसे छोड़ेंगे नहीं। दीपक ने बताया कि उसने सचिन को कहा था कि वह बिजेंद्र को समझा देगा। मगर थोड़ी देर बाद ही फोन आया कि अजय की हत्या कर दी गई है। आरोपियों ने फोन पर बिजेंद्र को मारने की धमकी दी थी और वे घर पर बिजेंद्र को मारने आए थे लेकिन हमलावरों ने अजय पर ही हमला कर दिया।
दो बच्चों के सिर से उठ गया पिता का साया
मृतक अजय के घर 11 दिन पहले ही खुशियां आई थी। उसके छोटे भाई बिजेंद्र की आठ दिसंबर को शादी हुई थी। जिससे घर में खुशी का माहौल था। गुरुवार सुबह हुई वारदात से सारी खुशियां मातम में बदल गई। मृतक अजय की पांच साल पहले शादी हुई थी। उसे चार वर्षीय बेटी और करीब दो वर्ष का बेटा है। वारदात के बाद मृतक अजय की पत्नी सरिता बेहोश हो गई। उसे भी अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है।