मॉडल टाउन थाना क्षेत्र स्थित जिमखाना क्लब के सामने सोमवार रात तेज रफ्तार कार चालक ने डिवाइडर किनारे सड़क क्रास करने के लिए खड़े चार युवकों को कुचल दिया, जिसमें से दो की मौत हो गई। घायल दो युवकों की हालत भी गंभीर है। चारों युवक बीएमजी मॉल स्थित एक दुकान में नौकरी करते हैं।
मंगलवार सुबह मृतकों के परिजनों ने सामान्य अस्पताल के आगे मुख्य सड़क पर शव रखकर जाम लगाया। वे कार चालक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने आरोपी चालक सेक्टर तीन निवासी रोहित पंडित को गिरफ्तार कर लिया है।
पातुहेड़ा निवासी राहुल (22), गुरावड़ा निवासी विनोद (23), पदैयावास निवासी विकास और सचिन चारों बीएमजी मॉल के एक शोरूम में काम करते हैं। रात में काम खत्म करने के बाद चारों दो दोपहिया वाहनों पर सवार होकर घर की ओर जा रहे थे। रात करीब दस बजे वे जिमखान क्लब के पास पहुंचे।
इसी दौरान राजेश पायलट चौक की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने चारों को टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। लहूलुहान चारों युवाओं को ट्रामा सेंटर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने राहुल और विकास को मृत घोषित कर दिया।
विनोद और सचिन की हालत भी नाजुक बताई, जिसके बाद परिजन घायलों को लेकर गुड़गांव स्थित नर्सिंग होम ले गए। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी कार चालक रमेश पंडित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शी बोला, जानबूझकर मारी टक्कर
सोमवार रात घटनास्थल पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी सुभाष ने बताया कि पहले निकलते हुए कार चालक की बाइक सवार युवकों से किसी बात पर बहस हुई थी जिसके बाद कार सवार कुछ आगे बढ़कर गया और फिर तेजी के साथ वापस लौटकर दोनों वाहनों को जान बूझकर टक्कर मारी। घटना के बाद पुलिस ने देर रात ही कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपी रोहित पंडित है। उसके परिजन क्षेत्र राजनीति में सक्रिय हैं। इसके साथ ही शहर में भी उसकी मोबाइल की दुकान है।
पहले 304 ए फिर 304 में दर्ज हुआ मुकदमा
घटना के बाद पुलिस ने पहले सोमवार रात को 304-ए की धारा में मुकदमा दर्ज किया था। लेकिन बाद में परिजनों के आक्रोशित होने पर पुलिस ने घटना में धारा 304 में मुकदमा दर्ज कर लिया। हालांकि परिजनों के मुताबिक युवकों को जानबूझकर कार सवार ने टक्कर मारी थी, इसलिए हत्या की धारा 302 में मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। जिसके चलते ही जाम लगाया गया था।
सर्कुलर रोड पर जाम से मरीज हुए परेशान
आरोपी चालक के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन और ग्रामीणों ने सर्कुलर रोड पर बैरिकेडिंग लगा दीं। करीब दो घंटे तक सर्कुलर रोड पर जाम लगे रहने से ट्रामा सेंटर व सामान्य अस्पताल में जाने वाले मरीजों को काफी परेशानी हुई। इसके अलावा शहर की सबसे व्यस्त सड़क पर आने-जाने वाले राहगीरों को भी जाम लगाने वालों ने नहीं निकलने दिया गया। बाद में एसडीएम मुनीष नागपाल के समझाने पर दो घंटे बाद जाम खुला।
वीरेंद्र सैनी, डीएसपी, रेवाड़ी ने बताया कि आरोपी कार चालक रमेश पंडित को गिरफ्तार कर लिया है। वह सेक्टर तीन का रहने वाला है। इसके साथ ही दो अन्य घायलों की हालत पर भी पुलिस नजर रखे है।