सरपंच सतनाम मर्डर केस में वीरवार को पुलिस ने सुपारी किलर अर्शदीप व तीरथ सिंह को गिरफ्तार कर 4 दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस ने दोपहर दोनों संदिग्ध आरोपियों को पांचवीं बार इंवेस्टिगेशन ज्वाइन करवाने के बाद गिरफ्तारी डाली है। दूसरी ओर तीरथ और अर्शदीप के परिजनों ने एसएसपी से मुलाकात कर यूटी पुलिस पर दबाव में गिरफ्तारी करने का आरोप लगाया है। मलोया थाना पुलिस ने आरोपी 25 वर्षीय अर्शदीप व 50 वर्षीय तीरथ की गिरफ्तारी ठोस सुबूतों के आधार पर करने का दावा किया है।
इस आधार पर की गिरफ्तारी
पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों की सतनाम की फैमिली से पुरानी रंजिश थी। पीड़ित पजिनों द्वारा सौंपे दोनों परिवार की रंजिश से संबंधित दस्तावेज व वारदातों की लिस्ट की जांच के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने खुद सरपंच की हत्या न करके सुपारी देकर वारदात के समय खुद को सीसीटीवी कैमरे की जद में कर लिया था। इसी फुटेज को परिजनों ने पुलिस को सौंप दिया।
5 दिन से चल रही पूछताछ
पुलिस के अनुसार होशियारपुर निवासी अर्शदीप व तीरथ सिंह से पुलिस पांच दिन से पूछताछ कर रही है। पहले दिन से अभी तक दोनों आरोपी खुद पुलिस की इंवेस्टिगेशन ज्वाइन करने चंडीगढ़ आते थे और लंबी पूछताछ के बाद शाम को घर चले जाते थे। वीरवार को पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 307,334,120बी, आर्म्स एक्ट, 34 आईपीसी के साथ बाद में धारा 302 के तहत केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया।
4 दिन की रिमांड, टीम लेकर पहुंची पंजाब
मलोया थाना पुलिस ने अर्शदीप व तीरथ सिंह का 4 दिन का रिमांड लेते ही स्पेशल टीम के साथ पंजाब में रेड डालने के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार दोनों की निशानदेही पर अन्य चार आरोपियों की गिरफ्तारी .12बोर की 2 नाली व अन्य सुबूतों को बरामद करने में लगी है। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपियों को रिमांड में लिया है।
अभी चार आरोपियों की तलाश
सरपंच मर्डर केस में नामजद अभी चार आरोपियों की तलाश में यूटी पुलिस के पसीने छूट गए हैं। इनमें हरिंदर सिंह रिंडा, दिलप्रीत, हरजिंदर उर्फ आकाश, बॉबी की गिरफ्तारी शामिल है।