पिपली वाला टाउन और शांति नगर में बुधवार दोपहर को एक खूंखार स्ट्रे डॉग ने एक के बाद एक 11 बच्चों समेत 16 लोगों को काट लिया। दिनभर इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।
एक बच्ची के तो कुत्ते ने होंठ काटकर अलग कर दिए। बच्ची की हालत गंभीर है और उसे पीजीआई में भर्ती करवाया गया है। उसे लगने वाला इंजेक्शन चंडीगढ़ के किसी भी अस्पताल में नहीं मिला। फिलहाल परिजनों को अंबाला से इंजेक्शन लाने को कहा गया है।
शांतिनगर की गली नंबर आठ के दुकानदार हैप्पी ने बताया कि बुधवार दोपहर को एक भूरे रंग का कुत्ता पहले गली नंबर 9 में घुसा। वहां उसने कई लोगों को काटा। उसके बाद फिर वही खूंखार कुत्ता गली नंबर 8 के मकान नंबर 13 के बाहर बैठी साढ़े चार साल की साजिया के होंठ काटकर ले गया।
उसकी मां इमराना तो उसे देखकर बेहोश ही हो गई। इसके बाद लोग उसके पीछे दौड़े भी, मगर कुत्ते के रास्ते में जो भी आया, वह उसको काटता चला गया। वहीं महिला नरेश ने बताया कि वह पार्क से आ रही थी तो उसे पीछे से आ रहे कुत्ते ने काट लिया।
सभी लोगों को मनीमाजरा अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन वहां से उन्हेें सेक्टर -19 की डिस्पेंसरी भेज दिया गया। डिस्पेंसरी में 13 लोग इलाज के लिए पहुंचे हैं, जिनमें से साढ़े चार वर्ष की बच्ची साजिया की हालात गंभीर होने पर उसको पीजीआई रेफर कर दिया गया था।
शांति नगर के लोगों का कहना है कि कुत्ते को हलकाव हुआ था। इलाके के कुछ युवकों ने कुत्ते को घेरकर कमरे में बंद किया और निगम की टीम को बुलाया, जो उसे पकड़कर ले गई।
इन्हें कुत्ते ने बनाया शिकार
साजिया (साढे चार साल), नकेंद्र (8), लक्ष्मी (5), कशिश (6), मोहम्मद हयात (4), आहत (5), पीयूष (10), अंजलि (8), आरिफ (7), जसमिन (6), चंद्रशेखर (14), सदाना (18), सीमा गुप्ता (43), मोहम्मद रफीक (60), नरेश देवी (42) और नरेश को कुत्ते ने काटा है।