दो सड़क हादसों में एक घायल, एक की गई जान
बरवाला में दो अलग-अलग जगह दुर्घटनाएं, पुलिस मामले की जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
बरवाला। बरवाला-मौली मार्ग पर पाल ढाबे के नजदीक एक सड़क हादसे में एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बरवाला पुलिस चौकी इंचार्ज ऋषिपाल ने बताया कि रविवार देर रात मौली की तरफ से बरवाला की तरफ आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया, जो कि एक पेड़ व बिजली के खंभे से टकरा गया। इस घटना में ट्रक चालक राजिंद्र सिंह पुत्र गुलाब सिंह वासी जम्मू ट्रक में बुरी तरह फंस गया, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस व आसपास के लोगों ने निकाला। पुलिस ने उसे उपचार हेतु सेक्टर-6, पंचकूला पहुंचाया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के अगले हिस्से के परखचे उड़ गए और बिजली का खंभा भी टूटकर गिर गया। गनीमत यह रही कि जिस समय यह ट्रक बिजली के खंभे से टकराया तो तारों के टूटने से आटोमेटिक बरवाला बिजली हाउस से लाइन गिर गई, जिससे यह ट्रक करेंट की चपेट में आने से बच गया। उधर, बरवाला-अंबाला मार्ग पर उपेंद्र पासवान (22) निवासी बिहार अपने एक दोस्त के साथ शनिवार रात को पैदल गुजर रहा था, जिसको एक तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने पीछे से टक्कर मार दी थी, जिससे उपेंद्र पासवान गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसको उपचार हेतु चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती करवाया था, जिसने उपचार के दौरान रविवार शाम को दम तोड़ दिया। मौली पुलिस चौंकी इंचार्ज जसविन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।