ट्रक ने राहगीर को मारी टक्कर, मौत
पिंजौर। पिंजौर-नालागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिंजौर से बद्दी की ओर जा रहे ट्रक ने एक राहगीर को टक्कर मार दी। जिस वजह से राहगीर की मौत हो गई। मृतक विष्णु (20) निवासी गांव धमाला के बड़े भाई हरिओम ने शिकायत में बताया कि सोमवार की सुबह करीब आठ बजे वह और उसका छोटा भाई विष्णु गांव धमाला से पिंजौर की ओर पैदल जा रहे थे। इस दौरान पिंजौर से बद्दी की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसके भाई को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उसका भाई गिरकर बेहोश हो गया और उसे चोटें आईं। शिकायतकर्ता ने बताया कि बेहोशी की हालत में उसके भाई को कालका के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता ने पुलिस से गुहार लगाई कि उसके भाई की मौत ट्रक की टक्कर के कारण हुई है इसलिए ट्रक चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने आरोपी अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।