लवली ने मां, भतीजी व दोनों भतीजों को अपने सामने ही मरवाई गोली
हत्या वाली रात साढ़े 11 से सुबह चार बजे तक सुपारी किलर्स के साथ घर में रही मौजूद, उन्हीं के साथ बाइक पर निकली
हत्यारों से 10 लाख रुपये और जमीन में हिस्से की डील हुई थी, दिए थे दस हजार एडवांस
रिश्तेदारों के जरिए लवली ने मेरठ के कांट्रैक्ट किलर्स से साधा संपर्क
पुलिस ने आरोपी बेटी लवली को कोर्ट में पेश कर लिया पांच दिन का रिमांड
लवली की ख्वाहिशे मां राजबाला नहीं करती थी पूरी, लगातार बढ़ गया था गुस्सा
20 किले जमीन नाम करने के बाद खफा थी लवली अपनी मां राजबाला से
11 करोड़ मिले जमीन अधिगृहण में मांग रही थी और पैसा
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। बरवाला के खटौली गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की गोली मारकर हत्या करने के हाई प्रोफाइल मामले में पंचकूला पुलिस ने बुधवार को कई नए खुलासे किए। पुलिस ने बताया कि मृतका राजबाला और उनके दोनों पोते दिवांशु और आयुष व पोती ऐश्वर्या की हत्या यूपी के दो कांट्रैक्ट किलर्स ने की है, जिन्हें राजबाला की बड़ी बेटी लवली ने हायर किया था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हत्या वाली रात साढ़े 11 से सुबह चार बजे तक लवली सुपारी किलर्स के साथ राजबाला के घर में ही मौजूद थी और अपनी आंखों के सामने ही मां, दोनों भतीजों और भतीजी एश्वर्या की हत्या कराई। इसके बाद वह तड़के चार बजे हत्यारों के साथ उन्हीं की बाइक पर घर से निकली। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर अब तक इस बात की पुष्टि नहीं की है।
जांच अधिकारी और चंडी मंदिर थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि लवली ने लवली कांट्रैक्ट किलर्स को उसने 10 लाख रुपये और जमीन में हिस्सेदारी पर इन चारों हत्याओं के लिए राजी किया, हालांकि वह इसके लिए 15 लाख रुपये की डिमांड कर रहे थे। डील के बाद लवली ने दोनों कांट्रैक्ट किलर्स को 10 हजार रुपये एडवांस में दिए बाकि पैसे काम होने के बाद देने की बात कही। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लवली अपनी मां के घर 16 नवंबर की रात 11.30 बजे हत्यारों के साथ ही पहुंची। इसके बाद सोते समय एक-एक कर चारों की हत्या अपनी आंखों के सामने कराई। सभी की हत्या .32 बोर के एक ही रिवाल्वर से की गई। इसके बाद दोनों हत्यारों के साथ लवली सुबह 4 बजे तक घर में ही रहे। लवली बाइक पर हत्यारों के साथ ही घर से निकली। पुलिस के मुताबिक, लवली ने पूछताछ में यह खुलासा किया है कि दोनों कांट्रैक्ट किलर मेरठ के रहने वाले हैं। लवली ने इनसे अपने रिश्तेदार के जरिए संपर्क किया था। ऐसे में अब हरियाणा पुलिस, मेरठ पुलिस के साथ भी कोआर्डिनेशन कर हत्यारों तक पहुंचने की कोशिश में जुट गई है।
पुलिस को मिला लवली का पांच दिन का रिमांड
खटौली हत्याकांड मामले की आरोपी लवली को पंचकूला पुलिस ने बुधवार को जिला अदालत में पेश किया। पुलिस ने कोर्ट में दलील दी कि चार लोगों की हत्या में इस्तेमाल की गई रिवाल्वर, कांट्रैक्ट किलर्स और अन्य आरोपियों के संबंध में मुख्य साजिशकर्ता लवली से पूछताछ कर उनकी गिरफ्तारी करनी है। इसके लिए कोर्ट से पुलिस ने सात दिन का रिमांड मांगा। इस पर कोर्ट ने पुलिस को लवली का पांच दिन का रिमांड दे दिया। अब 26 नवंबर को पुलिस दोबारा लवली को कोर्ट में पेश करेगी। रिमांड मिलने के बाद से लवली से पुलिस लगातार सख्ती से पूछताछ कर रही है।
सीआईए टीम पहुंची गांव,
इस हाई प्रोफाइल हत्याकांड में कांट्रैक्ट किलर्स का हाथ सामने आने के बाद सीआईए की टीम बुधवार को गांव खटौली पहुंची। टीम के मेंबर्स ने ग्रामीणों से राजबाला के घर आने वाले बाइक सवार कांट्रैक्ट किलर्स का हुलिया पता करने की कोशिश की और उसी आधार पर हत्यारों के स्केच बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं इस मामले में लवली के बेटे विजय और उसके रिश्तेदार अभिमन्यु से लगातार पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा सीआईए की टीम अन्य गांवों में जाकर लवली के साथ आने वालों का हुलिया पता कर रही है।
नौ साल से रहती थी आरोपी लवली साथ
मृतका राजबाला की बड़ी बेटी लवली खटौली गांव में अपनी मां राजबाला के पास बीते नौ साल से रह रही थी और रायपुररानी स्थित ससुराल आती-जाती रहती थी। जानकारी के मुताबिक, राजबाला अपने दोनों पोतों और पोती की हर फरमाइश पूरी कर देती थीं। वहीं, लवली की फरमाइश पूरी करने में आनाकानी पर उससे आए दिन उनकी लड़ाई होती थी। इस बात को लेकर लवली अपनी मां राजबाला से नाराज रहती थी। राजबाला ने जब अपने पाते और पोतियों के लिए 20 किल्ले जमीन की तो इसए पर बड़ी बेटी की उनसे काफी बहस हुई। पुलिस के मुताबिक, हत्या का प्लान उसने दो महीने पहले बनाया था। उधर, लवली का पति राजकुमार भी अब तक पुलिस की पकड़ से दूर है। उसकी तलाश में कई टीमें लगी हुई हैं। राजकुमार की तलाश में पुलिस ने अंबाला स्थित बरेटा गांव में कई जगह छापेमारी की है। राजकुमार मूलरूप से बरेटा का ही रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक, राजबाला के पति राजेंद्र सिंह चंदेल की खटौली और आसपास के गांवों में 80 एकड़ जमीन थी। उनके पास कुल 50 करोड़ की संपत्ति थी। इस संपत्ति को लेकर आए दिन राजबाला से बेटियों का विवाद बना रहता था। पुलिस अब राजबाला के सीए से भी पूछताछ कर रही है। राजबाला की वसीयत के कागजात भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
पुलिस को ऐसे हुआ लवली पर शक
पुलिस ने बताया कि जब 16 नवंबर को खटौली में चार लोगों की हत्या हुई तो मृतका के सभी रिश्तेदार पहले पहुंच गए लेकिन लवली और उसका पति देरी से पहुंचे। जांच में पता चला कि लवली अपनी मां राजबाला से लगातार पैसों की मांगकर रही थी। राजबाला की एनएच-73 के लिए एक्वायर की गई जमीन का मुआवजा 11 करोड़ रुपये मिला था। सभी बेटियों को उन्होंने एक-एक करोड़ रुपये दिए थे। इसके बाद लवली अपनी मां राजबाला से और पैसों की मांग कर रही थी। इसी बात को लेकर विवाद रहता था। पड़ोसियों के बयानों पर पुलिस ने जब लवली से सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या कराने की बात स्वीकार की। लवली और उसका बेटा विजय प्लानिंग कर घर से रात में निकल गए थे। जांच और बयानों में बदलाव से पुलिस को लवली पर शक गहरा गया। वहीं, उसका पति भी हत्या के बाद से गायब है। ऐसे में यह शक और पुख्ता हो गया।
बहु सुधा के भाई ने जताई गायब बहन की हत्या की आशंका
राजबाला की बहु सुधा के भाई बृजपाल ने अपनी गायब हुई बहन की भी हत्या की आशंका जताते हुए लवली पर आरोप लगाया है। पुलिस को दिए बयान में उन्होंने कहा कि सुधा वर्ष 2016 में अचानक गायब हो गई थी। उसके बाद से आज तक उसका कोई पता नहीं लग सका है। राजबाला के बेटे उपेंद्र ने भी फांसी लगाकर वर्ष 2008 में आत्महत्या कर ली थी। उसने आशंका जताई है कि सुधा के गायब होने के पीछे भी लवली का हाथ हो सकता है। पुलिस इन सभी बिंदुओं पर तफ्तीश कर रही है।
कोट
हम मामले की तफ्तीश कर रहे हैं। लवली से पूछताछ जारी है। सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-नवीन कुमार, थाना प्रभारी, चंडी मंदिर, पंचकूला
खटौली गांव में चार लोगों की हुई हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी लवली से पूछताछ जारी है। अभी इस मामले में कुछ भी कहना इन्वेस्टिगेशन के लिहाज से सही नहीं होगा। जैसे ही पूछताछ पूरी हो जाएगी। हम मीडिया के सामने मामले का खुलासा करेेंगे।
- कमलदीप गोयल, डीसीपी