पीड़िता ने लगाया पुलिस पर प्रताड़ित करने का आरोप
- बोली, केस दर्ज करने के बाद भी नहीं कर रही गिरफ्तार
- पीड़िता एक एनजीओ से जुड़ी है और गरीब बच्चों को नि:शुल्क पढ़ाती है
अमर उजाला ब्यूरो
पिंजौर। जज के सामने मेरे 164 के बयान हो चुके हैं और पुलिस आरोपी के खिलाफ 354-ए के तहत केस भी दर्ज कर चुकी है। इसके बाद भी आरोपी को गिरफ्तार करने के बजाय पुलिस बार-बार मुझे बयान देने के बहाने थाने बुला कर प्रताड़ित कर रही है। पुलिस के इस बर्ताव से साफ जाहिर है कि वह मुझ पर दबाव बनाकर आरोपी को बचाने की कोशिश कर रही है। यह आरोप कालका निवासी एक एनजीओ से जुड़ी महिला टीचर ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान लगाया। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाए। इस मामले को लेकर पीड़ित टीचर ने लिखित शिकायत पंचकूला डीसीपी को देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह एक एनजीओ से जुड़ी हुई है और बच्चों को निशुल्क पढ़ाती है। विगत 12 अक्तूबर को करीब 10 बजे वह बच्चों को कक्षा में पढ़ा रही थी कि इतने में बाहर से जोर-जोर से गाने बजने की आवाज आने लगी, जिस पर उसने बाहर आकर देेखा कि एक व्यक्ति तेज आवाज में गाने बजा रहा है। जब उन्होंने व्यक्ति को आवाज कम करने को कहा तो उसने उन्हें कार में बैठ जाने को कहा। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे कहा कि वह उसके साथ चले और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने बताया कि उसने कहा कि वह इसके बारे में पुलिस से शिकायत करेगी तो व्यक्ति ने पीड़िता को धमकाते हुए कहा कि उसका नाम नरेेश शर्मा है और लोग उसे पंडित के नाम से जानते हैं और जहां शिकायत करनी है कर दे। पीड़िता ने कहा कि इसके बाद आरोपी वहां से चला गया। घटना के बाद वह काफी डर गई और वारदात की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी नरेश शर्मा उर्फ पंडित के खिलाफ आईपीसी की धारा 354-ए के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।