बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन झपटी
पिंजौर। नगर निगम जोन पिंजौर के वार्ड-पांच के अंतर्गत आने वाली हिमशिखा कालोनी में वीरवार की शाम घर के बाहर बैठी बुजुर्ग महिला ने गले में पहनी सोने की चेन झपटकर बाइक सवार मौके से फरार हो गए। पीड़ित महिला रजिंदर कौर ने पुलिस को बताया कि वीरवार की शाम को वह अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठी थी। इस दौरान दो बाइक सवार लड़के उसके पास आए जिसमें से बाइक चालक ने हेलमेट पहना हुआ था जबकि उसके पीछे बैठा युवक बिना हेलमेट के था। महिला ने बताया कि बाइक सवार युवक उनके पास आए उससे पूछा कि यहां कोई मकान किराए पर है। पीड़िता ने बताया कि अभी उसने उनकी बात का जवाब भी नहीं दिया उससे पहले ही एक युवक ने उसके गले पर झपटा मार कर सोने की चेन छीन ली और बाइक पर सवार हो कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पिंजौर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी। इस दौरान मौके से भागते युवकों की फोटो सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।