हुड़दंग मचाने से रोका तो भाकियू के नेता पर चलाई गोली, बाल-बाल बचे
- गांव खटौली में गोगा माड़ी मेले में शराब के नशे में धुत्त कुछ लोग मचा रहे थे हुड़दंग
- जिलाध्यक्ष के साथ मारपीट और गोली चलाने के बाद सभी आरोपी हुए फरार, दो काबू
अमर उजाला ब्यूरो
बरवाला। गांव खटौली में रविवार देर रात सत्संग भवन के नजदीक गोगा माड़ी मेले में हुड़दंग मचाने से रोकने पर शराब के नशे में धुत्त कुछ लोगों ने भारतीय किसान यूनियन के हलकाध्यक्ष चन्द्रपाल उर्फ गोपाल राणा पर गोली चला दी, जिसमें वे बाल-बाल बच गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों में से दो गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान मेले में मौजूद श्रद्धालुओं में अफरातफरी मच गई।
पुलिस चौंकी इंचार्ज बरवाला ऋषि पाल ने बताया कि राजकुमार उर्फ काला पुत्र राय सिंह, बलबीर उर्फ बंटी पुत्र रुलदा राम, विशाल राणा उर्फ काला पुत्र कंवर पाल, संदीप उर्फ पोला पुत्र विक्रम, प्रिंस पुत्र अनिल कुमार वासी खटौली व राजकुमार वासी खटौली और उसका रिश्तेदार मोनू राणा वासी निगदू जिला करनाल ने राजकुमार उर्फ काला के घर में बैठकर शराब पी। इसके बाद कार में सवार उपरोक्त लोगोें ने गोगामाड़ी के नजदीक हुड़दंग मचाते हुए एक हवाई फायर कर दिया। इस दौरान गोगामाड़ी मंदिर में मंदिर में मौजूद भारतीय किसान यूनियन के हलकाध्यक्ष पीर बाबा की कथा श्रवण कर रहे थे। जैसे ही उन्होंने फायर की आवाज सुनी तो उन्होंने आरोपियों से हुड़दंग न मचाने की अपील की। जिस पर राजकुमार और कार में सवार अन्य व्यक्ति गोपाल राणा से हाथापाई कर मारपीट करने लगे। इस मारपीट में उनके गले में पड़ी सोने की चैन का एक लोकेट भी टूटकर नीचे गिर गया। मारपीट के बाद आरोपी राजकुमार के रिश्तेदार मोनू राणा ने हलकाध्यक्ष पर रिवाल्वर तानकर गोली चला दी। गनीमत रही कि नजदीक ही मौजूद हलवाई अजय कुमार ने मोनू राणा के हाथ को पकड़कर एक तरफ कर दिया, जिस वजह से भाकियू हलकाध्यक्ष गोपाल राणा की जान बाल-बाल बच गई। इसके बाद आरोपी अन्य लोगों को आता देखकर रिवाल्वर को लहराते हुए मौके से फरार हो गए। इस दौरान आरोपियों ने रास्ते में एक युवक रोहित पुत्र मोहन सिंह को ईंट मार दी। जिसमें वह घायल हो गया।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और उपरोक्त सभी आरोपियों के खिलाफ भाकियू हलकाध्यक्ष की शिकायत पर आईपीसी की धारा 148, 149, 323, 307, 506 और 25-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत चंडीमंदिर थाना में मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों राजकुमार उर्फ काला व बलबीर सिंह पुत्र रूलदा राम गांव खटौली को गिरफ्तार कर लिया है जिन्हें जिला अदालत में पेश किया जाएगा।