कंडक्टर और अध्यापिका की बस के टिकट को लेकर हुई बहस
- मामला परिजनों और कंडक्टर के बीच हाथापाई तक पहुंचा
- महिला टीचर के पिता ने मारपीट का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
पिंजौर। पिंजौर-कालका राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिटना रोड टी प्वाइंट के समीप टीचर और कंडक्टर में बस टिकट को लेकर कहासुनी हो गई और मामला बढ़ने पर नौबत महिला टीचर के परिजन और कंडक्टर के बीच हाथापाई तक पहुंच गई। इस दौरान कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम हो गया और ट्रैफिक को सुचारु होने में आधे घंटे से ज्यादा का समय लग गया। बिटना रोड निवासी महिला टीचर के पिता जयभगवान ने बताया कि उसकी बेटी चंडी मंदिर कैंट एरिया में स्थित केंद्रीय विद्यालय में बतौर अध्यापिका कार्यरत है और विगत कई सालों से इसी बस से घर वापिस आ रही है। शुक्रवार दोपहर को स्कूल की छुट्टी के बाद वापिस अपने घर स्कूली लड़कियों के लिए लगाई हरियाणा रोडवेज की बस में आ रही थी। जब उसने कंडक्टर से चंडीमंदिर से पिंजौर तक की टिकट मांगी तो कंडक्टर ने उनकी बेटी से 20 रुपये मांगे। जयभगवान ने बताया कि उसकी बेटी ने कहा कि पिंजौर तक के 15 रुपये लगते हैं। इस बात को लेकर कंडक्टर उनकी बेटी से बहस करने लग गया जिसके बाद उसने इसकी जानकारी फोन पर दी। इसके अलावा जयभगवान ने कंडक्टर पर बेटे और उसके साथ हाथापाई करने का आरोप लगाया।
कंडक्टर ने बताया कि मैडम ने कहा कि वह पिछले काफी बिटना रोड के समीप रौनक होटल तक के 15 रुपये ही देती आ रही है। फिर पता नहीं क्या बात हुई कि अध्यापिका ने रौनक होटल के समीप अपने पिता और भाई को बुलाकर झगड़ा करवा दिया। पीसीआर इंचार्ज विनोद कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी पिंजौर टी प्वाइंट पर जाम की स्थिति बनी हुई है। मौके पर देखा कि दो पक्ष सड़क पर बहस कर रहे थे, जिस से जाम लग गया। उन्होंने आपस में बहस कर रहे दोनों पक्षों को पिंजौर थाने छोड़ा और ट्रैफिक को सुचारु किया। जांच अधिकारी राजपाल ने बताया कि उनके पास कंडक्टर के खिलाफ शिकायत आई हुई अभी मामले की जांच चल रही है।