बैंक में लाइन में खड़ी बुजुर्ग महिला का बैग काटकर चुराया पर्स
- पर्स में तकरीबन 7500 रुपये की थी राशि, इससे पहले ही बुजुर्ग महिला खाते में जमा करवा चुकी थी 20 हजार रुपये
- पासबुक में एंट्री कराते हुए महिला के साथ हुई घटना, सीसीटीवी में दिखाई दे रही पीछे खड़ी दो महिलाओं पर जताया संदेह
अमर उजाला ब्यूरो
पिंजौर। शातिर चोरों ने पिंजौर बस स्टॉप के समीप स्थित एसबीआई की शाखा में एक बुजुर्ग महिला के बैग में रखा पर्स चोरी कर लिया। जिसमें पीड़िता के तकरीबन 7500 रुपये थे। पुलिस को दी शिकायत में रतपुर कालोनी निवासी बुजुर्ग महिला सत्या देवी ने बताया कि वह बुधवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे एसबीआई बैक में पैसे जमा करवाने आई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि बुजुर्ग महिला के पर्स में कुल 25,500 हजार रुपये थे, जिनमें उसने पहले 20 हजार रुपये जमा करवा दिए। उसके बाद सत्या देवी ने बुढ़ापा पेंशन के खाते से निकाले 2 हजार रुपये भी बैग मेें रखे पर्स में रख दिए। पर्स में दो हजार रुपये के अलावा पहले से ही 5500 रुपये भी रखे हुए थे। उसके बाद शिकायतकर्ता बैग को अपने साथ लेकर अपनी पासबुक में एंट्री करवाने लगी। महिला ने बताया कि पासबुक में एंट्री होने के बाद महिला को बैग के कुछ हल्के होने का अहसास हुआ जिस पर उसने बैग को चेक किया तो पता चला कि किसी अज्ञात चोर ने बैग को काट कर उसमें रखा पर्स चोरी कर लिया है। महिला ने बताया कि पर्स में तकरीबन 7500 रुपये तथा कुछ अन्य कागजात थे। महिला ने इसकी सूचना शाखा प्रबंधक को दी, जिस पर शाखा प्रबंधक ने सीसीटीवी सीसीटीवी फुटेज चेक की जिसे देखने पता चल रहा था कि 11 बजकर 16 मिनट पर जब बुजुर्ग महिला पासबुक पर एंट्री करवाने के लिए काउंटर की लाइन में खड़ी थी, तब दो अज्ञात महिलाएं उसके पीछे आकर खड़ी हो गई। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि दोनों महिलाओं ने बुजुर्ग के बैग से पर्स चुराया और बैंक से बाहर चली गई। थाना पिंजौर एएसआई सुखविंद्र सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत लेकर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के अलावा अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।