भूपेश राणा की हत्या में गैंगस्टर भूप्पी समेत दो गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। साढ़े तीन माह पहले बरवाला में हुई भूूपेश राणा (27) की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी गैंगस्टर भूप्पी राणा और गौरव उर्फ रॉडा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को पुलिस ने सेक्टर-25 के पास नाके से दबोचा। बता दें कि कार सवार आरोपियों ने भूपेश राणा पर उस समय गोलियां बरसाईं थीं जब वह सुबह करीब नौ बजे मंदिर जा रहा था। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की थी। हत्या के कुछ दिन पहले ही भूपेश जेल से बाहर आया था और अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा मांगी थी।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी कार में सवार होकर पंचकूला की तरफ आ रहे थे। सेक्टर-23 के पास लगे नाके पर पुलिस ने जब कार को रुकने का इशारा किया तो कार सवार युवकों ने फायरिंग के लिए असलहे निकाल लिए। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने आरोपियों को चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। आरोपियों की छानबीन के बाद उनके कब्जे से दो विदेशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।