हर्बल की आड़ में कहीं यंगस्टर्स निकोटिन का तो नहीं हो रहे हैं शिकार
शहर के तीन हुक्का बार पर छापेमारी, जांच के लिए भेजे गए सैंपल
....दुनिया से बेफिक्र यंगस्टर्स धड़ल्ले से हुक्का बार में लगा रहे हैं कश
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
निकोटिन या हर्बल......हुक्के का कश लगाते यंगस्टर्स, दुनिया से बेफिक्र युवाओं को न तो खुद की और न किसी और की परवाह थी। भनक मिलते ही पुलिस और ड्रग कंट्रोलर की टीम ने एक के बाद एक शहर के तीन हुक्का बार पर छापेमारी कर वहां से टोबैको मोलासिस के सैंपल भरे। इकट्ठा किए गए सैंपल को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब में भेजा जाएगा, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सेक्टर-21 पुलिस चौकी इंचार्ज मुकेश और ड्रग कंट्रोलर विभाग के इंस्पेक्टर ने एक शिकायत के आधार पर एक के बाद एक तीन हुक्का बार पर छापेमारी की। शाम करीब पांच बजे टीम ने सेक्टर-21 के हुक्का बार अरेबिया में छापेमारी की, जबकि इसके बाद सेक्टर-3 में दफ्तर अरेबियन रेस्त्रा पर भी टीम पहुंची। दोनों जगहों से टीम ने हुक्का से सैंपल इकट्ठा किए। इस दौरान हुक्का बार में युवाओं के साथ कुछ लड़कियां भी थीं। लेकिन टीम को देखते ही वहां मौजूद 18 वर्ष से कम उम्र के किशोर बाहर चले गए। हालांकि कार्रवाई के दौरान पुलिस कर्मियों ने उनसे उम्र और पते के बारे में जानकारियां हासिल की। सेक्टर-21 स्थित अरेबिया के संचालक ने बताया कि उन्होंने करीब एक महीने पहले ही इसकी शुरुआत की है। उन्होंने बताया कि यहां पर हर्बल हुक्का के साथ साथ स्नैक्स आइटम और सॉफ्ट ड्रिंक्स सर्व किए जाते हैं। हुक्का बार के कार्यालय में मौजूद एक पार्टनर ने बताया कि उनके यहां हर्बल हुक्का ही सर्व किया जाता है। इस मामले की शिकायत विनीत वर्मा ने की थी, जिस पर पुलिस और ड्रग कंट्रोलर की टीम ने संयुक्त छापेमारी करते हुए हुक्का बार की सघनता से जांच की और सैंपल भरे गए। शाम करीब सात बजे सेक्टर-पांच स्थित फाइव डिग्री रेस्तरां पर भी टीम पहुंची। वहां भी टीम ने छापेमारी कर सैंपल भरे, जिनकी जांच के बाद ही मामले का खुलासा होगा।
कोट्स
ड्रग इंस्पेक्टर प्रवीण ने बताया कि टोबैको मोलासिस के दो-दो सैंपल भरे गए हैं। इन्हें पुलिस को सौंपा जाएगा, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट में अगर पॉजीटिव पाया गया तो इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।