जिप वाइस चेयरमैन पर लगाया सरकारी नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठने का आरोप
- पुलिस ने धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने पर किया केस दर्ज
- जिला परिषद वाइस चेयरमैन बोली, उनका पक्ष जानने के बाद ही होनी चाहिए कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
पिंजौर, पंचकूला।
दिव्यांग बेटी को सरकारी विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगने का जिला परिषद की वाइस चेयरमैन बबली शर्मा पर आरोप लगाते हुए स्वीटी ने केस दर्ज कराया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी बबली शर्मा निवासी वार्ड नंबर चार घाटीवाला धर्मपुर पिंजौर के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 406, 323, 506 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता स्वीटी बधावर निवासी मोहल्ला सांई मंदिर बिटना रोड पिंजौर ने आरोप लगाते हुए बताया कि बबली शर्मा के साथ उसकी पिछले कई सालों से जान पहचान थी। साल 2016 में जिला परिषद के चुनावों के दौरान बबली शर्मा ने मदद मांगते हुए उससे कहा कि वह उसकी 12वीं पास दिव्यांग बेटी याशिका को चुनाव जीतने के बाद पिंजौर-कालका के किसी सरकारी विभाग में नौकरी लगवा देगी और अपनी नई कोठी में शिफ्ट होने के बाद पुराने मकान को उसे दे देगी। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी बबली शर्मा की बातों पर विश्वास कर उसने अपने परिजनों से पैसा इकट्ठा कर 22 लाख 50 हजार रुपये बबली शर्मा को दो-तीन बार में दे दिए। शिकायतकर्ता स्वीटी ने बताया कि चुनाव जीतने के बाद बेटी की नौकरी के लिए जब बबली शर्मा से मिली तो वह उसे झूठे आश्वासन देने लगी। लेकिन कुछ समय बीतने के बाद बबली शर्मा ने उसे उचित जबाव नहीं दिया और गाली-गलौच करते हुए धक्के मारकर घर से बाहर कर दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि इसके बाद वह अपने ससुर काली चरण को लेकर बबली शर्मा से मिली और संबधित मामले में बात की तो बबली शर्मा ने उसे दो लाख 96 हजार का चैक देते हुए कहा कि यदि उनका काम नहीं हुआ तो वह उनके पैसे वापिस कर देगी। शिकायतकर्ता ने बताया कि कुछ दिनों के बाद जब वह अपने ससुर के साथ गई तो बबली शर्मा ने कहा कि उसके पास उन्हें देने के लिए कोई पैसा नहीं है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बबली शर्मा ने उसके और ससुर के साथ गाली-गलौच करते हुए कहा कि वे उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकते, क्योंकि उसकी पहुंच ऊपर तक है। इसके अलावा आरोप लगाया कि बबली शर्मा ने उन्हें धमकी देते हुए कहा कि यदि वह अपने ससुर के साथ उसके पास पैसे मांगने आई तो उसे जान से मरवा देगी और किसी को पता भी नहीं चलेगा। शिकायतकर्ता ने बकाया पैसा दिलवाने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की पुलिस के सामने गुहार लगाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता पर करेंगी मानहानि का केस: वाइस चेयरमैन
जिला परिषद वाइस चेयरमैन बबली शर्मा ने बताया कि उनके ऊपर झूठा मामला दर्ज करवा कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर ही मामला दर्ज कर लिया है जबकि उनका पक्ष जानने के लिए उसे भी जांच में शामिल कर उसका पक्ष जानने के बाद ही कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता के आरोप झूठे और निराधार हैं। उसकी छवि खराब करने के लिए वह शिकायतकर्ता के ऊपर मानहानि का केस डालेगी।